AI चलाने के लिए डेटा सेंटर्स की बिजली खपत बहुत ज्यादा है, जिसने दुनियाभर के पावर ग्रिड पर भारी दबाव डाला है। Google ने इससे निपटने का अनोखा रास्ता निकाला है। दरअसल टेक दिग्गज ने टेक्सास की जियोथर्मल कंपनी Quaise Energy के साथ दुनिया का पहला सुपरहॉट रॉक जियोथर्मल एनर्जी डील की है। इस डील के तहत गूगल अपने तीन AI डेटा सेंटर्स के लिए सेंट्रल ओरेगन स्थित न्यूबेरी ज्वालामुखी की गर्मी से बिजली प्राप्त करेगा। 2030 तक इस स्वच्छ बिजली की सप्लाई शुरू हो सकती है।
खास ड्रिलिंग तकनीक का इस्तेमाल


ज्वालामुखी से बिजली हासिल करने के लिए खास तरह की ड्रिलिंग तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। दरअसल ज्वालामुखी की गहराई तक पहुंचना और सख्त चट्टानों को काटना बेहद मुश्किल और खर्चीला काम है। इससे निपटने के लिए Quaise ने खास मिलीमीटर-वेव ड्रिल तकनीक विकसित की है।

इस तकनीक से चट्टानों को बिना छुए उन्हें भाप बनाकर उड़ा दिया जाता है। रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी के सीईओ कार्लोस का कहना है कि अगले एक दशक में यह साइट 1 गीगावाट तक बिजली पैदा कर सकती है। इतनी बिजली से करीब दस लाख घरों की बिजली की जरूरत पूरी हो सकती है।


50,000 घरों जितनी बनेगी बिजली


इस डील के तहत गूगल 50 मेगावाट बिजली खरीदने वाला है। गौरतलब है कि इतनी बिजली 50,000 घरों को रोशन करने के लिए काफी होती है।

  • इस डील का गूगल को फायदा है कि पारंपरिक सौर या पवन ऊर्जा मौसम पर निर्भर रहती है, लेकिन जियोथर्मल ऊर्जा चौबीसों घंटे लगातार बिजली दे सकती है।

  • इसके अलावा सुपरहॉट रॉक तकनीक में जमीन के मीलों अंदर करीब 800 डिग्री फारेनहाइट तापमान वाली चट्टानों तक खुदाई की जाती है।

  • इसके बाद वहां ठंडा पानी भेजा जाता है, जिससे पैदा होने वाले भाप से टरबाइन घूमता है और बिजली पैदा होती है।​


क्या है प्रोजेक्ट का भविष्य और चुनौतियां?


फिलहाल Quaise के सामने इस प्रोजेक्ट को ग्रिड से जोड़ने के लिए न्यूबेरी ज्वालामुखी साइट से ला पाइन के नजदीकी सबस्टेशन तक 10 मील लंबी ट्रांसमिशन लाइन बिछाने की चुनौती है।

​रिपोर्ट्स के मुताबिक पैसिफिक नॉर्थवेस्ट का इलाका पहले ही नई ट्रांसमिशन लाइनों की कमी से जूझ रहा है। हालांकि, ऐक्सपर्ट्स का कहना है कि न्यूबेरी बेसिन में कुल 10 गीगावाट तक स्वच्छ ऊर्जा पैदा करने की क्षमता है। यह 2032 तक इस इलाके में आने वाली 11 गीगावाट बिजली की कमी को दूर कर सकती है।