हाल ही में शाहरुख खान की फिल्म 'जोश' में विलन की भूमिका निभाने वाले शरद कपूर के वीडियो ने लोगों को इमोशनल कर दिया था। पिछले काफी सालों से गुमनामी में जी रहे शरद कपूर को मजबूरन अपने चारों डॉग को एनिमिल वेलफेयर में भेजना पड़ा। वहीं बाद में उन्होंने लोगों से मदद भी मांगी। वहीं अब शरद कपूर ने एक वीडियो शेयर कर नाराजगी जाहिर की है कि लोगों ने रील बनाने के लिए उन्हें हाथ में जबरन पैसे पकड़ाए और फिर वापस ले लिया। हालांकि, उन्होंने ये भी कहा कि वो ऐसे लोगों का नाम भी नहीं ले सकते।

शरद कपूर ने फिल्म इंडस्ट्री, अपने फैंस और उन सभी लोगों का शुक्रिया अदा किया है और कहा है कि इन्होंने मुश्किल समय में उनका साथ दिया। हालांकि, उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके नाम पर कई ऐसी चीजें दिखाई जा रही हैं, जिनकी सच्चाई कुछ और है।
'सोशल मीडिया पर गलत चीज दिखाया जा रहा है कि पैसा लिया'

एक्टर ने कहा कि कुछ लोग अचानक उनके हाथ में पैसे थमा देते हैं और फिर उनका वीडियो बनाने लगते हैं। ऐसे में उन्हें समझ ही नहीं आता कि सामने वाला व्यक्ति कौन है और ऐसा क्यों कर रहा है। उन्होंने कहा, 'मैं अपनी फिल्म इंडस्ट्री, फैंस और जिन लोगों ने मेरे लिए सचमुच केयर किया उन सबको शुक्रिया। बहुत सारे सोशल मीडिया पर गलत चीज दिखाया जा रहा है कि पैसा लिया, कौन क्या कर रहा है समझ ही नहीं आ रहा। आप समझ सकते हो, मैंने पूछा क्या है भई... तो नहीं नहीं, आप पकड़िए तो एक बार। मैंने कहा कि ये क्या बदतमीजी है, लेकिन ऐसे लोग हैं कि आप बोल नहीं सकते उनको। इसलिए, मैं अब मिलूंगा नहीं, नमस्ते कर लूंगा। मुझे कोई भी जरूरत हो तो प्लीज आप मुझे डायरेक्ट मेसेज कर दीजिए। या तो हेमा को मेसेज कर दीजिए।'
मैं अपनी फिल्म इंडस्ट्री, फैंस और जिन लोगों ने मेरे लिए सचमुच केयर किया उन सबको शुक्रिया। बहुत सारे सोशल मीडिया पर गलत चीज दिखाया जा रहा है कि पैसा लिया, कौन क्या कर रहा है समझ ही नहीं आ रहा। आप समझ सकते हो, मैंने पूछा क्या है भई... तो नहीं नहीं, आप पकड़िए तो एक बार। मैंने पूछा कि ये क्या बदतमीजी है, लेकिन ऐसे लोग हैं कि आप बोल नहीं सकते उनको। इसलिए, मैं अब मिलूंगा नहीं, नमस्ते कर लूंगा।

शरद कपूर

दोस्त हेमा चौधरी ने बताई पूरी बात

शरद कपूर की करीबी दोस्त और एनिमल एक्टिविस्ट हेमा चौधरी ने भी इस मामले पर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने बताया कि एक बार जब उन्होंने शरद से पूछा कि उन्होंने किसी अनजान व्यक्ति से पैसे क्यों लिए? तो एक्टर ने कहा कि उस शख्स ने जबरदस्ती उनके हाथ में पैसे रख दिए थे। इतना ही नहीं, वीडियो बनाने के बाद उन्होंने पैसे वापस भी ले लिया।

हेमा ने लोगों से अपील की है कि शरद को इस समय परेशान न करें

अब वीडियो के जरिए हेमा ने लोगों से अपील की है कि शरद को इस समय परेशान न किया जाए। उन्होंने कहा कि एक्टर इस वक्त मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं और उन्हें फिलहाल आराम और मेडिकल देखभाल की जरूरत है। उनकी खराब हालत को सोशल मीडिया पर दिखाकर वीडियो और रील्स बनाना बिल्कुल गलत है।

हेमा ने कहा- वह उनकी मदद करना चाहती थीं

हेमा ने अपनी इस बात को खत्म कहते हुए यह भी साफ किया कि उनका मकसद कभी शरद की प्राइवेट लाइफ को सार्वजनिक करना नहीं था। वह सिर्फ उनकी मदद करना चाहती थीं। उन्होंने लोगों से कहा कि शरद को अकेला छोड़ दें और उन्हें अपनी सेहत सुधारने का मौका दें।

पालतू कुत्तों की वजह से चर्चा में आए एक्टर

दरअसल, कुछ दिन पहले शरद कपूर का एक वीडियो सामने आया था जिसने सबको भावुक कर दिया। वीडियो में वह सपोर्ट से चलते दिख रहे थे और वह अपने चार पालतू कुत्तों को एनिमल वेलफेयर सेंटर भेजे जाने पर भावुक हो रहे थे। उनकी खराब सेहत की वजह से कुत्तों की देखभाल करना मुश्किल हो रहा था। इसके बाद एक्टर ने फिल्म इंडस्ट्री से दोबारा काम देने की अपील भी की थी।

सोनू सूद ने उनके इलाज के लिए एक मेडिकल टीम भी अरेंज की

यहां ये भी बता दें कि शरद की हालत के बारे में पता लगते ही सोनू सूद ने उनसे सोमवार सुबह मुलाकात की। स्वास्थ्य समस्याओं और आर्थिक दिक्कतों से गुजर रहे शरद कपूर के साथ सोनू सूद बातचीत करते हुए नजर आए। उन्होंने शरद की टांग की चोट का इलाज कराने के लिए एक मेडिकल टीम भी अरेंज की और आवश्यक मेडिकल सामान मुहैया कराया। सोनू सूद द्वारा की गई मदद एक्टर के लिए बहुत महत्वपूर्ण साबित हो रही है, क्योंकि उन्होंने काफी समय से मुश्किलों का सामना किया है।

'दस्तक', 'जोश', 'तमन्ना', 'खौफ' जैसी की फिल्में

शरद कपूर की फिल्मों की बात करें तो उन्होंने 'दस्तक', 'जोश', 'तमन्ना', 'खौफ' और 'लक्ष्य' जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं। फिल्म 'जोश' में उनके किरदार को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। शरद की 'जोश' में परफॉर्मेंस के लिए उन्हें बेस्ट एक्टर इन नेगेटिव रोल के लिए फिल्मफेयर अवार्ड के लिए नॉमिनेट किया गया था।