नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 'बालेन' ने भारत की यात्रा के दौरान कई ऐसी परंपराओं और औपचारिकताओं का पालन नहीं किया, जिन्हें उनके पहले के प्रधानमंत्री आमतौर पर निभाते रहे हैं.

विदेश यात्रा के दौरान उन्होंने नेपाली सेना का 'गार्ड ऑफ़ ऑनर' नहीं लिया. वह अपनी पत्नी को भी साथ लेकर नहीं गए. इससे पहले नेपाल के प्रधानमंत्री विदेश यात्राओं पर जाने से पहले आमतौर पर सभी दलों के नेताओं और पूर्व प्रधानमंत्रियों के साथ बैठक करते थे.

इन बैठकों में यात्रा के एजेंडे पर चर्चा की जाती थी. लेकिन बालेन ने इन परंपराओं को ज़रूरी नहीं समझा.

उन्होंने विदेश यात्रा की जानकारी देने के लिए राष्ट्रपति से मुलाक़ात करने की परंपरा का भी पालन नहीं किया.

पत्रकार सुधीर शर्मा का मानना है कि इस मामले में प्रधानमंत्री बालेन से चूक हुई है.

वह कहते हैं, "विदेश नीति पर काम करते समय भी यह परंपरा रही है कि एक-दूसरे से बातचीत की जाए, फ़ायदे और नुक़सान समझे जाएं और पुराने अनुभवों और जानकारियों का इस्तेमाल किया जाए. अगर उन्होंने ऐसा किया होता, तो उनकी स्थिति और मज़बूत होती और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ता."

सुधीर शर्मा कहते हैं, "परंपरा तोड़ने के नाम पर ऐसा न करना, बाहरी तौर पर अलग भूमिका निभाना और द्विपक्षीय बातचीत के दौरान यह संदेश देना कि अपने ही देश में राजनीतिक सहमति नहीं है, हमें कमज़ोर करता है. इस परंपरा को तोड़ना सही नहीं है."

घिमिरे कहते हैं, "पहले जो सलाह-मशविरा होता था, भले ही वह महज़ औपचारिकता के लिए होता रहा हो, अब वह भी नहीं हो रहा है. ऐसे में सवाल उठना स्वाभाविक है. प्रधानमंत्री के मन में क्या चल रहा है, यह कोई नहीं जानता. लेकिन कूटनीति सिर्फ़ प्रधानमंत्री की सोच के आधार पर नहीं चलनी चाहिए."

बालेन की पार्टी ने चुनाव में क़रीब दो-तिहाई बहुमत हासिल कर सत्ता में जगह बनाई है. ऐसे में कुछ लोगों का मानना है कि वह अपने राजनीतिक जनादेश और सत्ता में अपने भरोसे को दिखाने की कोशिश कर रहे हैं.

हालांकि, पत्रकार सुधीर शर्मा का मानना है कि देश के भीतर मज़बूत स्थिति होने के बावजूद बालेन एक नई राजनीतिक ताक़त हैं. ऐसे में उन्हें वरिष्ठ नेताओं और अनुभवी लोगों की सलाह से फ़ायदा हो सकता है.

सुधीर शर्मा कहते हैं, "पुरानी पार्टियों और उनके नेताओं के अनुभव का इस्तेमाल सरकारी कामकाज में भी किया जा सकता है. अगर सरकार ने भारत के साथ अतीत में हुए समझौतों और बातचीत से मिले अनुभवों का फ़ायदा उठाया होता, तो उसके लिए काम करना आसान हो जाता. ख़ुद को मज़बूत करना एक चुनौती हो सकती थी, लेकिन लगता है कि सरकार इसमें नाकाम रही है."