सिवनी मालवा में कांग्रेस का प्रदर्शन

 

पवन जाट की रिपोर्ट 

सिवनी मालवा। नगर कांग्रेस कमेटी ने शनिवार शाम भाजपा के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की विवादित टिप्पणी के विरोध में गांधी चौक पर पुतला दहन किया। इस दौरान पुतला छुड़ाने को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झूमा-झटकी भी हुई।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष स्वदेश शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के भाई-बहन के रिश्ते पर की गई टिप्पणी भारतीय संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों का अपमान है। उन्होंने ऐसी बयानबाजी को अस्वीकार्य बताया।
कांग्रेस नेता दीपक दीक्षित ने कहा कि गांधी भाई-बहन का रिश्ता भारतीय परंपरा और संस्कृति का प्रतीक है। विजयवर्गीय की टिप्पणी न केवल गांधी परिवार बल्कि भारतीय समाज की आस्थाओं पर भी प्रहार है। उन्होंने भाजपा नेताओं की सोच को संस्कृति के लिए खतरा करार दिया।
कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की बयानबाजी दोहराई गई तो वे सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे। उनका कहना था कि सत्ता के नशे में भाजपा लोकतांत्रिक और सांस्कृतिक मूल्यों को नुकसान पहुँचा रही है।

प्रदर्शन में स्वदेश शर्मा, हैरीसन स्वामी, दीपक दीक्षित, देवेंद्र पिंटू रघुवंशी, अमजद पठान, हरिओम रघुवंशी, प्रशांत रघुवंशी, भूपेंद्र गौर, दिवाकर चंदेल और हर्षित सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Spread the love