रक्षाबंधन पर 250 रुपए की राशि लाड़ली बहनों के खाते में जमा करने के बाद मोहन सरकार अब कल भाईदूज पर एक बार फिर 1.27 करोड़ बहनों के खाते में 250 रुपए ट्रांसफर करेगी। इस तरह 318 करोड़ रुपए लाड़ली बहनों के खाते में जमा होंगे। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद अब नवंबर से हर लाड़ली बहना के खाते में 1500 रुपए जमा होंगे।
भाईदूज पर लाड़ली बहनों के खाते में राशि भेजने के पहले मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि भगवान श्रीकृष्ण की बहन सुभद्रा की तरह लाड़ली बहनों को यह राशि योजना के तहत दी जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी लाड़ली बहनों को भाईदूज की बधाई भी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बहनों, युवाओं, किसानों और गरीबों के कल्याण के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बहनों को भाईदूज के अवसर पर लाड़ली बहना योजना में 250 रुपए की राशि देने का वादा पूरा किया जा रहा है। अब बहनों के योजना के अंतर्गत 1500 रुपए प्राप्त होंगे।
किसानों के खाते में भेजे 1800 करोड़
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज के त्योहार सौगात देने का अवसर बने हैं। इस क्रम में किसानों को प्राकृतिक आपदा से प्रभावित फसलों के लिए 1800 करोड़ की राहत राशि जिलों में दी गई।
हर क्षेत्र में अतिवृष्टि, ओलावृष्टि, पीला मोजेक जैसी समस्याओं का सर्वे करवाकर किसानों को मदद पहुंचाई गई। इसके लिए जिलों में आवश्यक प्रबंधन किया गया। सरकार अन्नदाता के जीवन में आए कष्ट में उसके साथ खड़ी है।