नई दिल्ली: रूस से राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन दो दिन के दौरे पर आज भारत आ रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वह दिल्ली के मशहूर आईटीसी मौर्या होटल के ग्रैंड प्रेजिडेंशल सुइट चाणक्य में ठहरेंगे। पुतिन के साथ एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल आ रहा है। आईटीसी मौर्या को करीब 400 कमरों को रूसी डेलिगेशन के लिए बुक किया गया है। पुतिन जिस सुइट में ठहरेंगे, वह साल 2007 में खुला था और यह अब तक कई जानी मानी हस्तियों की मेजबानी कर चुका है। पुतिन पहले भी यहा रुक चुके हैं। एक नजर इस सुइट की खूबियों पर…
अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडन दो साल पहले जब जी-20 समिट में हिस्सा लेने के लिए भारत आए थे तो इसी सुइट में रुके थे। यह होटल भारत में अमेरिका के राष्ट्रपतियों का पसंदीदा ठिकाना है। इसमें जॉर्ज डब्ल्यू बुश, बिल क्लिंटन, बराक ओबामा और डॉनल्ड ट्रंप भी ठहरे थे। प्रेसिडेंशियल सुइट होटल की 14वीं मंजिल पर मौजूद है। इसका नाम चाणक्य सुइट है। यह साल 2007 में खुला था। इस सुइट में सबसे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश रुके थे। इसके बाद बराक ओबामा भी इसी सुइट में रुक चुके हैं। चाणक्य सुइट अपनी डिजाइन और थीम के लिए जाना जाता है। इसमें एक से बढ़कर एक लग्जरी सुविधाएं मौजूद हैं। यह 4600 स्क्वायर फीट में फैला हुआ है।
क्या हैं खूबियां?
इसे खासतौर पर भारतीय परंपराओं और कलाओं से सजाया गया है। इसमें लिविंग रूम, स्टडी, प्राइवेट डाइनिंग रूम, मिनी स्पा और जिम की सुविधा मौजूद है। इस सुइट की सबसे खास बात इसका एंट्री गेट है। यह एक शाही गलियारे का आभास देता है। इस गलियारे के अंत में चाणक्य की एक शानदार मूर्ति रखी गई है। इस सुइट में मास्टर बेडरूम के साथ वॉक-इन अलमारी, निजी स्टीम रूम, गेस्ट रूम जैसी कई सुविधाएं मिलती हैं। इस सुइट को बेहद खास तरीके से सजाया गया है। सुइट में सोने-चांदी से बने फूलदान के साथ काफी सुंदर पेंटिंग लगी हुई हैं।
किस-किस की मेजबानी?
तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा भी चाणक्य सुइट में रुक चुके हैं। तब उन्होंने कहा था कि वह यहां अच्छी नींद लेते हैं। उनका कहना था कि चाणक्य सुइट की ऊर्जा काफी सकारात्मक है। इस सुइट में बराक ओबामा और दलाई लामा के अलावा अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और जॉर्ज बुश, ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर तथा सऊदी के किंग अब्दुल्ला भी ठहर चुके हैं। ब्रुनेई के सुल्तान ने सुइट की लाइट को गर्म पीली रोशनी के बजाय ठंडी सफेद रोशनी में बदलने को कहा था।
कितना है किराया?
आईटीसी मौर्या के चाणक्य सुइट का किराया जानकर आप दंग रह जाएंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चाणक्य सुइट में एक रात रुकने का किराया करीब 8 से 10 लाख रुपये के बीच है। होटल में 4 और 5 दिसंबर के लिए कोई कमरा उपलब्ध नहीं है। सारे कमरे रूसी राष्ट्रपति और उनके डेलिगेशन के लिए रिजर्व हैं। वैसे होटल में आम कमरों का किराया डिमांड के मुताबिक है। मसलन 6 दिसंबर का किराया 19,440 रुपये है जबकि 9 दिसंबर का किराया करीब 26,000 रुपये है।