मॉस्को: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दबाव में आने वालों में से नहीं है। उनका यह बयान भारत दौरे से ठीक पहले आया है। पुतिन आज भारत पहुंचने वाले हैं। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भारत-रूस शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच कई क्षेत्र में बड़े समझौते होने की भी उम्मीद है। माना जा रहा है कि इस समझौते से अमेरिका को मिर्ची लग सकती है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस से तेल खरीदने के कारण भारत पर भारी टैरिफ लगाया हुआ है।
पीएम मोदी की जमकर की तारीफ
इंडिया टुडे के साथ एक इंटरव्यू में पुतिन से पूछा गया कि क्या अमेरिका टैरिफ लगाकर भारत पर दबाव डाल रहा है। पुतिन ने इसी के जवाब में पीएम मोदी की तारीफ की। इस दौरान पुतिन ने पीएम मोदी के नेतृत्व की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि दुनिया ने भारत का मजबूत रुख देखा है और देश अपनी लीडरशिप पर गर्व कर सकता है। पुतिन ने यह भी कहा कि रूस और भारत के लिए बीच 90 प्रतिशत से ज्यादा द्विपक्षीय ट्रांज़ैक्शन सफलतापूर्वक पूरे हो चुके हैं।
भारत के तेज विकास को सराहा
पुतिन ने भारत और रूस दोनों देशों के बीच संबंधों के “अनोखे” इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने आजादी के बाद से भारत की तरक्की की भी तारीफ की, और कहा कि सिर्फ 77 सालों में, जो कि काफी कम समय है, देश ने शानदार तरक्की हासिल की है। उन्होंने कहा, “भारत एक महान देश है जिसकी इकॉनमी तेजी से बढ़ रही है और 7.7 परसेंट की दर से बढ़ रही है। यह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एक उपलब्धि है, और भारतीय राष्ट्र इस पर गर्व कर सकता है। हमेशा ऐसे आलोचक होंगे जो कहेंगे कि चीजें बेहतर की जा सकती थीं, लेकिन नतीजे खुद बोलते हैं।”