एमपी के स्कूलों में पढ़ाई हुई ठप:फरवरी में बोर्ड परीक्षाएं, 50 हजार शिक्षक SIR में उलझे

दसवीं-बारहवीं की परीक्षाएं फरवरी में होनी हैं। इधर, जिला कलेक्टरों ने वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में लगभग 50 हजार नियमित शिक्षकों की भी ड्यूटी लगा दी है। खासतौर से वर्ग 1 और 2 के शिक्षकों की ड्यूटी लगी है, जो 9वीं से 12 वीं तक कक्षाएं लेते हैं। इसके लिए बाकायदा आदेश निकाले गए थे कि अभियान पूरा होने तक उन्हें अध्यापन कार्य से मुक्त रखा जाए। इसका नतीजा यह है कि स्कूलों में पढ़ाई ठप जैसी हो गई है।

शिक्षक संघों का कहना है कि दूरदराज के जिलों में कई बड़े स्कूल ऐसे हैं जहां 2-2 शिक्षक छोड़कर सभी की ड्यूटी लगा दी गई है। बड़ी संख्या में प्राइमरी स्कूल ऐसे भी हैं, जिनमें दो शिक्षक थे, दोनों की ड्यूटी एसआईआर में लगा दी गई है। कुल 64 हजार अतिथि शिक्षकों में से भी 25% की ड्यूटी सहायक बीएलओ के तौर पर लगाई गई थी। हालांकि वे 18 दिसंबर यानी गणना पत्रक भरने की अंतिम तिथि को इससे मुक्त हो गए हैं। -शेष पेज 7 पर

डीपीआई ने किए प्रयास पर नहीं बनी बात :

लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने शिक्षकों की ड्यूटी को लेकर चुनाव आयोग के साथ कई दौर की चर्चा की। आयोग से कहा कि कम से कम मैथ्स और इंग्लिश के शिक्षकों को ड्यूटी से मुक्त कर दिया जाए। कई कलेक्टरों के साथ बात हुई। पर नतीजा सिफर रहा। आयुक्त, लोक शिक्षण शिल्पा गुप्ता ने इस संबंध में टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। वहीं, ज्वाइंट इलेक्शन कमिश्नर आरपीएस जादौन ने कहा कि आयोग का सीधा इस विषय में हस्तक्षेप नहीं है। किसकी ड्यूटी लगे या नहीं लगे, ये कलेक्टरों पर छोड़ा गया था।

बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्टेशन रोड:

प्राचार्य सुरेश खांडेकर ने बताया कि कुल 3 शिक्षक एसआईआर में लगे हैं। दूसरे शिक्षक और एक बायोलॉजी में ग्रेजुएट लैब असिस्टेंट कक्षाएं ले रहे हैं।

सरोजिनी नायडू कन्या उ. मा. विद्यालय :

प्राचार्य सहित यूएमएस शिक्षकों की ड्यूटी एसआईआर में लगी है। प्राचार्य मालिनी वर्मा एसआईआर में सुपरवाइजर हैं, कभी अभियान में तो वापस आकर स्कूल की व्यवस्थाएं देखती हैं।

चिंता: एसआईआर का काम पूरा होने से पहले बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी:

प्रदेश में एसआईआर प्रक्रिया 14 फरवरी 2026 तक चलेगी। 14 फरवरी 2026 को फाइनल मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। वहीं, 10वीं की परीक्षाएं 11 फरवरी से शुरू होकर 2 मार्च को खत्म होंगी। 12वीं की परीक्षाएं 7 फरवरी से शुरू होकर 5 मार्च तक चलेंगी।

शा. उ. माध्यमिक स्कूल अशोका गार्डन:

यहां नियमित प्राचार्य नहीं हैं। स्टाफ ने बताया कि कई शिक्षकों की ड्यूटी एसआईआर में लगने से वैकल्पिक शिक्षक बोर्ड कक्षाओं में पढ़ा रहे हैं। लगभग सभी जगह दबी जुबान में स्टाफ ने स्वीकार किया कि नियमित शिक्षकों के न होने से पढ़ाई का नुकसान हो रहा है।

शा. कन्या उ.मा. विद्यालय बजरिया:

प्राचार्य अलका श्रीवास्तव अवकाश पर थीं, स्टाफ ने बताया कि 2 उच्चतर माध्यमिक (यूएमएस) और यूटीडी (माध्यमिक शिक्षक) की ड्यूटी एसआईआर में लगी है। अतिथि शिक्षक और अन्य विषयों के शिक्षक बोर्ड कक्षाओं में पढ़ा रहे हैं।

Spread the love