भोपाल पुलिस ने तैयार किया ‘प्लान-31’, फार्म हाउसों की पार्टियों पर ‘ड्रोन’ से रखेंगे नजर

 भोपाल। नए साल के स्वागत के लिए अगर आप किसी गोपनीय फार्म हाउस पार्टी या बिना अनुमति वाले जश्न की योजना बना रहे हैं, तो सावधान हो जाइए। भोपाल पुलिस ने ‘न्यू ईयर ईव’ के लिए एक ऐसा चक्रव्यूह तैयार किया है, जिसे तोड़ना हुड़दंगियों और नियम तोड़ने वालों के लिए मुमकिन नहीं होगा।

इसे ‘प्लान 31’ नाम दिया गया है। इसके तहत यहां होने वाली पार्टियों पर ड्रोन से नजर रखने की तैयारी की गई है। जानकारी के मुताबिक न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान ड्रग्स, अवैध शराब और तेज आवाज में डीजे साउंड चलाकर पार्टियां करने का चलन बढ़ा है।

लिहाजा, इस बार इसकी सख्त निगरानी की जाएगी। कोलार रोड, रातीबड़, मिसरोद, एयरपोर्ट रोड, नर्मदापुरम रोड सहित शहर के बाहरी इलाकों में चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं। इस तरह करीब 22 प्वाइंट लगाए जाएंगे, जिन पर थाना क्षेत्र के चुनिंदा पुलिस कर्मी निगरानी करेंगे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि न्यू ईयर की रात शहर में अतिरिक्त बल तैनात रहेगा, पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत एक्शन लिया जाएगा। उद्देश्य साफ है। नया साल सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जाए।

ड्रग्स पेडलर पर नजर

क्राइम ब्रांच की टीमें इस दौरान ड्रग्स पेडलरों पर नजर रखेगी, जो किसी भी तरह से इन पार्टियों में मादक पदार्थ पहुंचाने की कोशिश करेंगे। इसके लिए क्राइम ब्रांच ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं और अलग-अलग क्षेत्रों में अपने मुखबिरों को अलर्ट कर दिया गया है।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर होगा एक्शन

नए साल को लेकर पुलिस की तैयारियां है, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई होगी। पार्टियों पर अलग-अलग तरह से निगरानी रखी जा रही है। – हरिनारायणाचारी मिश्र पुलिस कमिश्नर भोपाल

Spread the love