ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग ( BBL ) में सिडनी सिक्सर्स के बल्लेबाज स्टीव स्मिथ और बाबर आजम के बीच एक मैच के दौरान अनोखी नोंकझोंक देखने को मिली, जिसने क्रिकेट जगत में चर्चा बटोरी। स्मिथ ने बाबर को एक सिंगल लेने से रोका ताकि वे खुद पावर-सर्ज ओवर का फायदा उठा सकें। इस फैसले के बाद स्मिथ ने एक ही ओवर में 32 रन ठोक दिए, जो BBL के इतिहास का सबसे महंगा ओवर बन गया। हालांकि, इस घटना के बाद बाबर आजम गुस्से में दिखे और अगली ही गेंद पर आउट हो गए।
स्टीव स्मिथ ने नहीं लिया सिंगल
यह घटना सिडनी सिक्सर्स और सिडनी थंडर के बीच खेले गए मैच में हुई। 11वें ओवर में, जब बाबर आजम क्रिस ग्रीन की गेंदों पर खेल रहे थे, उन्होंने एक शॉट खेलकर सिंगल लेने की कोशिश की। लेकिन स्मिथ ने उन्हें रुकने का इशारा किया और कहा कि वे पावर-सर्ज का इस्तेमाल करना चाहते हैं। पावर-सर्ज BBL में एक खास नियम है, जिसमें बल्लेबाज 10वें ओवर के बाद दो ओवरों के लिए पावरप्ले का फायदा उठा सकते हैं। स्मिथ ने बाबर को सिंगल लेने से रोककर खुद उस ओवर में बड़े शॉट खेलने का फैसला किया। इस फैसले के कारण बाबर आजम 11 ओवर के बाद 47 गेंदों पर 38 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि स्मिथ 28 गेंदों पर 58 रन बना चुके थे।
क्यों किया स्टीव स्मिथ ने ऐसा
स्मिथ ने अपना शतक सिर्फ 41 गेंदों पर पूरा किया था और अगली ही गेंद पर वे 100 रन बनाकर आउट हो गए। मैच के बाद स्मिथ ने इस घटना पर ज्यादा बात नहीं की, लेकिन पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में उन्होंने अपने फैसले के पीछे की रणनीति बताई। उन्होंने कहा, ‘हमने 10 ओवर के बाद बात की थी, और कप्तान और कोच ने कहा था कि तुरंत पावर-सर्ज ले लो। मैंने कहा, ‘नहीं, एक ओवर और खेलने दो। मैं छोटी बाउंड्री की तरफ खेलना चाहता हूं। मैं पहले ओवर को खराब नहीं करना चाहता। मैं उस ओवर में 30 रन बनाने की कोशिश करूंगा।’ मुझे लगता है कि हमने 32 रन बनाए, इसलिए यह एक अच्छा नतीजा था। मुझे नहीं पता कि बाबर मुझसे सिंगल न लेने के फैसले से खुश था या नहीं।’