विराट के शतक के बाद भाई विकास कोहली का विस्फोटक प्रहार, संजय मांजरेकर की टिप्पणी पर दिया करारा जवाब

नई दिल्ली: भारत और न्यूजीलैंड के बीच समाप्त हुई वनडे सीरीज के नतीजों ने भले ही फैंस को निराश किया हो, लेकिन विराट कोहली की 124 रनों की मास्टरक्लास पारी ने एक बार फिर उनके कद को साबित कर दिया है। इसी बीच विराट के बड़े भाई विकास कोहली ने उन आलोचकों को आड़े हाथों लिया है जो विराट के टेस्ट क्रिकेट छोड़ने और केवल सीमित ओवरों के प्रारूप में बने रहने के फैसले पर सवाल उठा रहे थे।

संजय मांजरेकर की आसान फॉर्मेट वाली टिप्पणी पर पलटवार

हाल ही में पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर संजय मांजरेकर ने एक विवादित बयान दिया था। उन्होंने विराट कोहली के टेस्ट से संन्यास लेने और केवल वनडे जैसे आसान फॉर्मेट में खेलने की प्रेरणा पर संदेह जताया था। विकास कोहली ने विराट के 54वें वनडे शतक के तुरंत बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म थ्रेड्स पर एक पोस्ट साझा की, जो देखते ही देखते वायरल हो गई। विकास ने मांजरेकर का नाम लिए बिना उन पर सीधा निशाना साधते हुए लिखा, ‘मुझे आश्चर्य है कि क्या क्रिकेट के मिस्टर एक्सपर्ट के पास क्रिकेट के इस सबसे आसान फॉर्मेट के लिए अब कुछ सुझाव हैं? मैदान पर होना पड़ता है। जैसा कि मैंने पहले भी कहा, कहना आसान है और करना बहुत मुश्किल।’

आंकड़े दे रहे हैं कोहली की फॉर्म की गवाही

37 साल के विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ इस सीरीज में 80 के औसत से 240 रन बनाकर यह साबित कर दिया कि वनडे फॉर्मेट में उनकी बादशाहत बरकरार है। टेस्ट क्रिकेट से दूर होने के बाद उनकी गंभीरता पर उठ रहे सवालों को उन्होंने न केवल अंतरराष्ट्रीय मंच पर, बल्कि विजय हजारे ट्रॉफी में दिल्ली के लिए शतक और अर्धशतक जड़कर भी शांत किया है। पिछले छह वनडे मुकाबलों में विराट के बल्ले से तीन शतक और दो अर्धशतक निकले हैं।

Spread the love