बिलाईगढ़ वन परिक्षेत्र रेल कॉरिडोर प्लांटेशन में भीषण आग

सारंगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बिलाईगढ़ वन परिक्षेत्र स्थित रेल कॉरिडोर कक्ष क्रमांक 408 में गुरुवार को भीषण आग लग गई। इस घटना में हजारों पेड़ जलकर नष्ट हो गए। आसपास के लोगों ने आग देखकर वन विभाग को सूचना दी, लेकिन तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी।

आग प्लांटेशन क्षेत्र से निकलकर करीब चार से पांच किलोमीटर दूर तक फैले वन विभाग के इमारती पेड़ों तक पहुंच गई। वन विभाग के कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सागौन समेत फलदार वृक्षों को भारी नुकसान हुआ। इस घटना से वन विभाग को करोड़ों रुपए नुकसान का अनुमान है।

स्थानीय लोगों और वन प्रेमियों का आरोप है कि रेंजर अक्सर कार्यालय में रहते हैं या बाहर रहते हैं, जिससे फील्ड निरीक्षण कम होता है। उनका कहना है कि पहले भी आगजनी की घटनाएं हुई हैं। हाल ही में वन विभाग कार्यालय से करीब 100 मीटर दूरी पर आग लगी थी, जिसमें बड़ी संख्या में सागौन पेड़ जल गए थे।

आरोप है कि अधिकारी कार्यालय के पास हुई घटना को भी नजरअंदाज कर गए।

करोड़ों की लागत से तैयार प्लांटेशन हुआ नष्ट

यह प्लांटेशन केम्पा मद की राशि से करोड़ों रुपए खर्च कर तैयार किया गया था। इसे बिलाईगढ़ क्षेत्र वन विभाग की बड़ी उपलब्धि माना जाता था। यहां अधिकारी व वन प्रेमी समय-समय पर निरीक्षण करने आते थे।

प्लांटेशन क्षेत्र में करीब 42,000 मिश्रित वृक्षारोपण किया गया था। आगजनी में अधिकांश पेड़ जलकर नष्ट हो गए। सुरक्षा के लिए हर साल लाखों रुपए जारी किए जाते हैं। यह राशि लाइन कटाई और सफाई कार्य में खर्च होनी चाहिए थी।

लेकिन आरोप है कि संबंधित अधिकारी काम कराए बिना राशि का दुरुपयोग कर देते हैं, जिससे आग तेजी से फैल गई।

पूर्व प्रधान मुख्य वन संरक्षक ने किया था निरीक्षण

करीब तीन साल पहले जब प्रधान मुख्य वन संरक्षक श्रीनिवास राव केम्पा प्रमुख थे, तब उन्होंने बिलाईगढ़ क्षेत्र का दौरा किया था। प्लांटेशन देखकर वह प्रसन्न हुए थे। उन्होंने चौकीदार और सुरक्षा कर्मियों को 500-500 रुपए पुरस्कार भी दिया था।

हालांकि इस भीषण आगजनी में प्लांटेशन पूरी तरह नष्ट हो गया।

SDO बोले- लापरवाही मिलने पर होगी कार्रवाई

वन विभाग एसडीओ अमित गुप्ता ने कहा कि आगजनी की सूचना मिलते ही सारंगढ़ से टीम रवाना कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में बीट गार्ड की लापरवाही सामने आई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि रेंजर की संलिप्तता या लापरवाही उजागर होती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love