भोपाल। मध्य प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में दिन के तापमान का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। खरगोन और खंडवा में गुरुवार को पारा 35 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इसके अलावा उज्जैन, शिवपुरी, रतलाम, इंदौर, नर्मदापुरम, गुना और धार में 32 से 33 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान भी पश्चिमी इलाकों का बढ़ा हुआ है।धार, नर्मदापुरम और रतलाम में रात का तापमान 16 से 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। अरब सागर में बने चक्रवात के कारण पश्चिमी इलाकों में नम हवाएं आ रही हैं। वहीं, प्रदेश के पूर्वी इलाकों में खजुराहो को छोड़कर बाकी सभी संभागों में पारा 34 डिग्री सेल्सियस के नीचे है। न्यूनतम तापमान नरसिंहपुर, सागर और टीकमगढ़ में 16 डिग्री सेल्सियस तक रहा।
पूर्वी इलाकों में हवाओं का रुख अभी भी उत्तरी बना हुआ है। मौसम केंद्र के अनुसार प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर सके ऐसा कोई सिस्टम नहीं है। इस कारण प्रदेश का आसमान साफ है और सूरज की किरणें सीधे आ रही हैं। मौसम विज्ञानी ने बताया कि भोपाल और इंदौर डिवीजन को छोड़कर पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई।
ग्वालियर में सामान्य से चार डिग्री बढ़ा तापमान
सबसे अधिक तापमान ग्वालियर का रहा, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान दो से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी तापमान में होने की संभावना है।