कोण्डागांव। कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने सोमवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए हितग्राहियों को समय पर लाभ पहुंचाने तथा निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही बजट में स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों एवं योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया।
बैठक में कलेक्टर ने जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य कर्मियों की समय पर उपस्थिति एवं स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में राशन की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारियों को समय पर राशन भंडारण पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
कलेक्टर ने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर बल देते हुए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत ई-केवाईसी कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश कृषि विभाग को दिए। साथ ही श्रम विभाग को दीदी ई-रिक्शा योजना के माध्यम से अधिक से अधिक महिलाओं को लाभान्वित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को अवैध विद्युत कनेक्शन एवं पंप संचालन पर रोक लगाने हेतु प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में रनिंग वॉटर की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा जल जीवन मिशन के अंतर्गत ‘हर घर जल’ प्रमाणीकरण की प्रगति में तेजी लाने को कहा। बैठक में केशकाल नगर मुख्य मार्ग उन्नयन कार्य एवं नारायणपुर मार्ग निर्माण कार्य की प्रगति की भी गहन समीक्षा की गई तथा कार्य में तेजी लाने हेतु एनएच के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अविनाश भोई, अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।