बॉलीवुड का अक्सर अंडरवर्ल्ड से नाम जुड़ता रहा है। अब फराह खान ने रणवीर अल्लाहबादिया के पॉडकास्ट में इससे जुड़ा एक और चौंकाने वाला खुलासा किया है। उनके मुताबिक, 90 के दशक में फिल्म जगत पर अंडरवर्ल्ड का काफी प्रेशर था। इतना ही नहीं, करण जौहर को उनकी पहली फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ के प्रीमियर के दौरान धमकी भी मिली थी, जिसके बाद वह काफी परेशान थे।
फराह खान ने 80 के दशक की फिल्मों के बारे में बात करते हुए कहा, ‘हम हिंदी फिल्मों को अक्सर कमतर समझते थे। जब कॉलेज में थे तो सिर्फ हॉलीवुड मूवीज ही देखते थे। वो दौर ही पूरा वैसे चल रहा था। सबसे बुरा एरा हिंदी फिल्मों का जो था वो 80 के दशक का था।’ इसके अलावा, उन्होंने बॉलीवुड में अंडरवर्ल्ड के रोल के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया, ’90 के दशक की बात है। मुझे याद है कि मैं सेट पर थी और मैंने अपना करियर शुरू ही किया था। शायद 1993 या 94 का साल था। और प्रोड्यूसर मुकेश दुग्गल को गोली मार दी गई थी।’
करण जौहर को मिली थी अंडरवर्ल्ड से धमकी
फराह से रणवीर ने तीनों खान पर अंडरवर्ल्ड की तरफ से प्रेशर होने की भी बात पूछी गई तो कोरियोग्राफर ने हामी भरी। हालांकि उन्होंने इस बारे में जानकारी होने से इनकार किया कि कभी शाहरुख खान को उधर से फोन आया था। लेकिन उन्होंने करण जौहर को धमकी मिलने की बात बताई। कहा, ‘मुझे इतना पता है कि डुप्लीकेट या कुछ कुछ होता है के प्रीमियर के दौरान करण को अंडरवर्ल्ड से धमकी मिली थी। और ये बहुत ही भयावह था। क्योंकि हर कोई इस बारे में बात कर रहा था कि प्रीमियर कैंसिल किया जाए या इसे किया जाए।’
‘कुछ कुछ होता है’ के प्रीमियर में करण टेंशन में
फराह ने आगे बताया, ‘मुझे याद है कि कुछ कुछ होता है की शूटिंग के दौरान धमकी मिलने के कारण, हर कोई इस बारे में बात कर रहा था। सिक्योरिटी बढ़ा दी गई थी। हालांकि हमने प्रीमियर किया। मगर करण बहुत टेंशन में था। सोचो जरा कि ये आपकी पहली मूवी थी। आप उसे सेलिब्रेट करने के बजाय दूसरी ही टेंशन में उलझे हुए हो।’