भोपाल में नवरात्रि और नववर्ष की शुरुआत:मंदिरों में सुबह से उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, शहरभर में धार्मिक आयोजन जारी

भोपाल, भारतीय नववर्ष विक्रम संवत 2083 और चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिवस गुरुवार सुबह शहर के मंदिरों में पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो गया। सुबह-सुबह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मंदिरों में उमड़ी, जहां मां शैलपुत्री की विधि-विधान से आराधना की गई। भक्तों ने घट स्थापना कर जवारे बोए और अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित कर नववर्ष का स्वागत किया। घट स्थापना के साथ ही मंदिरों और घरों में जवारे बोने तथा अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित करने की परंपरा निभाई जा रही है। आशिमा अनुपमा सिटी, जाटखेड़ी स्थित श्री शिव नारायण मंदिर में चैत्र नवरात्रि महोत्सव के तहत नव संवत्सर 2083 का स्वागत भक्ति और उल्लास के साथ किया जा रहा है। प्रातःकाल सूर्य दर्शन और शंखनाद के साथ नववर्ष का शुभारंभ हुआ।

शहर में प्रमुख आयोजन इस प्रकार रहेंगे-

  • श्री गणेश मंदिर समिति और मराठी मंडल के संयोजक मोहनराव देखमुख के अनुसार मंदिर परिसर में 31 फीट ऊंची गुड़ी स्थापित की जाएगी, जो मराठी परंपरा का प्रमुख आकर्षण होगी। महाराष्ट्र समाज, तुलसी नगर में अध्यक्ष संजय पाटिल के नेतृत्व में पंचांग पूजन कर नववर्ष का स्वागत किया जाएगा।
  • गायत्री शक्तिपीठ में प्रमुख रामनिवास शर्मा के मार्गदर्शन में साधक सामूहिक सूर्य अर्घ्य अर्पित कर आध्यात्मिक साधना के साथ वर्षारंभ करेंगे।
  • अरेरा कॉलोनी स्थित दत्त मंदिर में सुबह 10 बजे नवीन ध्वज चढ़ाने की परंपरा निभाई जाएगी, जिसकी जानकारी पुजारी पं. दिनेश भारद्वाज ने दी।
  • नवरात्रि के साथ शुरू हो रहे इस नववर्ष को लेकर शहर में धार्मिक उल्लास का माहौल है। मंदिरों में विशेष सजावट की गई है और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है। प्रशासन ने भी व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
Spread the love