बर्थ डे एक दिन पहले सीएम डॉ. यादव ने दतिया को दी बड़ी सौगात, कहा- यहां आकर ऐसा लगा कि जन्मदिन आज ही मना लिया

दतिया। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 24 मार्च को दतिया जिले के भांडेर के लिए खुशियों का पिटारा खोल दिया। उन्होंने यहां 62 करोड़ 23 लाख रुपये की लागत के 12 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। उन्होंने शासन की जन-कल्याणकारी योजनाओं का हितलाभ भी वितरित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यहां कृषि उपकरणों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। मौका था यहां आयोजित राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन का।

सीएम डॉ. यादव ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने कन्यापूजन भी किया। इस अवसर पर सीएम डॉ. यादव एक तरफ कांग्रेस पर बरसे, तो दूसरी ओर जनता के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यहां हुए स्वागत और प्रेम को देखकर ऐसा लगा जैसे आज ही मेरा जन्मदिन मनाया गया हो।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है। उत्तर-दक्षिण-पूरब-पश्चिम, किसी भी क्षेत्र में, दुनिया के किसी भी कोने में और देश के अंदर भी अगर भारतीयों को परेशानी होती है तो प्रधानमंत्री मोदी के माध्यम से तुरंत मदद मिलती है। किसानों को काम करते देख आनंद की अनुभूति होती है। सीमा पर जवान और खेत में किसान को बारंबार प्रणाम है। जब हम किसानों की मेहनत देखते हैं तो पता चलता है कि वह सूरज से आंखें मिलाकर, पसीना बहाकर जान की बाजी लगाता है। किसान ही हमारा भाग्य विधाता है। उन्होंने कहा कि आज खेती के काम में कई प्रकार की चुनौतियां हैं।

मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि यहां सांदीपनि विद्यालय खुलेगा। यहां हमारे बच्चे पढ़ेंगे-लिखेंगे। हमारे बच्चे भगवान कृष्ण के अनुयायी बनेंगे। कांग्रेसी पूछते हैं कि आप सांदीपनि विद्यालय की तारीफ क्यों करते हो। तो, मैं कहना चाहता हूं कि यह विद्यालय अद्भुत हैं। यहां बच्चों को किताबें मिलती हैं, यूनिफॉर्म मिल रही है, पढ़ाई का अच्छा वातावरण मिल रहा है, इसलिए इस विद्यालय की तारीफ क्यों न करें। हमारी सरकार मेधावी बच्चों को स्कूटी और लैपटॉप दे रही है। इस साल जब बच्चे स्कूल जाएंगे, तो उनको दूध का पैकेट भी देंगे। इसके लिए हमारी सरकार ने यशोदा मां के नाम पर योजना चलाई है।

प्रदेशवासियों से माफी मांगे कांग्रेस

  • मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में बच्चों को टाट-पट्टी साथ ले जानी पड़ती थी, स्कूल में बैठने की जगह नहीं होती थी। स्कूल भी पेड़ के नीचे लगता था। इस बात पर कांग्रेसियों को प्रदेशवासियों से माफी मांगनी चाहिए। यहां वर्षों तक तुम्हारी सरकारें रहीं, लेकिन तुमने कुछ नहीं किया। यह काम हमारी सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि हमारे देश की पहचान दूथ और दही से होती थी। इसलिए हमें दूध का उत्पादन बढ़ाना चाहिए। इसके लिए हम बाबा साहब आंबेडकर के नाम पर योजना लेकर आए।
  • इस योजना में अगर कोई 25 गाय-40 लाख रुपये का निवेश करेगा, तो हमारी सरकार 10 लाख रुपये की सब्सिडी देगी डेयरी खोलने के लिए। हम चाहते हैं कि किसानों की आय खेती के साथ-साथ दूध उत्पादन से भी बढ़े। कांग्रेसियों ने 55 साल तक सरकार चलाई, वर्ष 1956 से वर्ष 2003 तक केवल साढ़े सात लाख हेक्टेयर में खेती होती थी। मुझे इस बात की प्रसन्नता है हमने दो साल में सिंचाई का रकबा दस लाख हेक्टेयर कर दिया। आज प्रदेश में 55 लाख हेक्टेयर तक सिंचाई हो रही है।

हर सेक्टर में काम करने वाले की मदद कर रही सरकार

  • उन्होंने कहा कि केन-बेतवा नदी जोड़ो अभियान से पूरे बुंदेलखंड में खेती की सूरत बदल जाएगी। खेतों को पानी मिलने से फसल सोने की हो जाती है। कांग्रेस ने नदी जोड़ो अभियान का मजाक बनाया। वो कहते थे कि ये संभव नहीं है, संसाधन कहां से लाओगे, झूठ बोल रहे हो। मैं कहना चाहता हूं कि कांग्रेसियों आकर देखना कि अब बुंदेलखंड से कोई पलायन नहीं होगा। जब लोगों को काम मिलने लगेगा, तो कौन घर से बिछड़ना चाहेगा।
  • उन्होंने कहा कि अब जो मछली पालन करना चाहता है, वो मछली पालन करे, जो बागवानी करना चाहता है, वो बागवानी करे, जो व्यापार करना चाहता है, वो व्यापार करे। हमारी सरकार हर सेक्टर में जनता की मदद कर रही है। मध्यप्रदेश को देश का नंबर वन राज्य बनाना है। सीएम डॉ. यादव ने किसानों से अपील की, कि आप नरवाई जलाकर खेती मत बिगाड़ना, अपने भूसे को गौशाला में देना।

Spread the love