भोपाल। अशोका गार्डन थाना क्षेत्र अंतर्गत राजीव नगर (सेमरा) में एक नवविवाहिता ने फांसी लगा ली। मृतका की पहचान 27 वर्षीय मोना कुशवाह के रूप में हुई है, जो मूलतः सागर की रहने वाली थी। पुलिस के अनुसार, घटना शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे की है।
मोना का पति जगदीश कुशवाह एक गुटखा कंपनी में काम करता है और नाइट ड्यूटी कर सुबह घर लौटा था। चाय पीने के बाद जब वह ठेकेदार से मिलने बाहर गया, तब मोना घर पर अपने दो बच्चों के साथ अकेली थी। उसने बच्चों को खेलने के लिए छत पर भेज दिया और खुद कमरे में जाकर फंदा लगा लिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शुरू की जांच
करीब आधे घंटे बाद जब बच्चे नीचे आए, तो मां को इस स्थिति में देख उन्होंने शोर मचाया और मकान मालिक को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस ने सील किया कमरा
पति की स्थिति गंभीर होने के कारण अभी उनके बयान दर्ज नहीं किए जा सके हैं। पुलिस ने कमरा सील कर दिया है और शनिवार को सागर से स्वजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम व कमरे की विस्तृत तलाशी ली जाएगी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।