फिल्मों में नए-नए आए रणवीर स्टेज पर सुबकने लगे थे, शाहरुख-शाहिद के सामने रोते हुए दे दी थी पूरी स्पीच

बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन कर रहे हैं। इस वक्त उनके करियर की शुरुआत का एक भावुक पल एक बार फिर चर्चा में है। सोशल मीडिया पर उनका एक पुराना वीडियो तेजी से फैल रहा है, जिसमें वह अवॉर्ड लेते हुए भावुक होते हुए रो पड़ते हैं। इसी मंच पर वो अपने फैन्स से एक वादा भी करते हैं और कहते हैं कि वो उनके लिए आगे बहुत कुछ लेकर आएंगे।

बताया जा रहा है कि रणवीर का यह वीडियो साल 2011 का है। उन्होंने कहा था कि यह पल उनके लिए बेहद खास है और बचपन से एक्टर बनने का सपना आज पूरा हो गया है। साथ ही उन्होंने शाहरुख खान, शाहिद कपूर और करण जौहर के साथ मंच शेयर करने को अपने लिए बड़ी बात बताया। डेब्यू फिल्म ‘बैंड बाजा बारात’ के लिए रणवीर को ‘मोस्ट प्रॉमिसिंग न्यूकमर’ का अवॉर्ड दिया गया था। इस अवॉर्ड को हाथ में लेते ही रणवीर इस तरह भावुक हो गए कि स्टेज पर ही उनकी आंखें भर आईं। वो रोते-रोते अपनी बातें करते दिखते हैं। अब इतने साल बाद एक बार फिर से युवा रणवीर लोगों को भी भावुक कर रहे हैं।

रणवीर कहते हैं- मैं बचपन से ही एक्टर बनना चाहता था

रणवीर इस वीडियो में कहते नजर आ रहे हैं, ‘मैं आप सभी से माफी चाहता हूं, ये बहुत ओवरवेल्मिंग है। मैं बचपन से ही एक्टर बनना चाहता था और आज मैं यहां हूं इन तीन (शाहरुख खान, शाहिद कपूर और करण जौहर) लोगों के साथ स्टेज शेयर कर रहा हूं।’ इसी के साथ उन्होंने आदित्य चोपड़ा, YRF, ‘बैंड बाजा बारात’ की टीम और अपनी फैमिली को भी शुक्रिया कहा। उनहोंने आखिर में प्रॉमिस करते हुए कहते हैं- लेडीज़ एंड जेंटलमैन, मैं प्रॉमिस करता हूं कि आगे बहुत कुछ आएगा। ये कहते हुए रणवीर स्टेज से हटने लगते हैं और तभी शाहरुख उन्हें रोकते हैं।

शाहरुख ने कहा- तू क्यों हो रहा है?

शाहरुख रणवीर को रोकते हुए कहते हैं, ‘तू क्यों हो रहा है? अब रोने का समय तो हमारा है क्योंकि हिंदी सिनेमा में तू जो आ गया है, अब पता नहीं, हमारा क्या होगा।’ शाहरुख ने रोते हुए रणवीर की तारीफ में उन्हें बॉलीवुड का सबसे खूबसूरत और उभरता सितारा कहा था। इसके बाद शाहरुख ने उन्हें ‘ऐंवई ऐंवई लूट गया’ गाने पर डांस सिखाने को कहने लगे और रणवीर के साथ उन्होंने बखूबी ये स्टेप किया।

लोगों ने की रणवीर की तारीफ

अब वही रोते हुए रणवीर 11 साल बाद ‘धुरंधर’ बन चुके हैं जिनके सामने देशभर के फैन्स और फिल्मी दिग्गज सिर झुकाए नजर आ रहे हैं। लोग रणवीर की तारीफें करते नहीं थक रहे। इस पुराने वीडियो पर अब ‘धुरंधर 2’ के फैन्स जमकर कॉमेंट कर रहे हैं। एक ने कहा., ‘रणवीर कितने भावपूर्ण एक्टर हैं! बॉलीवुड में ऐसे एक्टर बहुत कम देखने को मिलते हैं। सालों से उन्हें अपने अनोखे फैशन के लिए प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से ट्रोल किया जाता रहा है, लेकिन उन्होंने हमेशा इसे सहजता से लिया है। यहां तक कि उन्होंने कॉफी विद करण में करण जौहर और आलिया को उनके भाई-भतीजावाद वाले व्यवहार के लिए लताड़ा भी था। अब दुनिया जानती है कि वे असल में कौन हैं और वे कितने प्रतिभाशाली अभिनेता हैं।’ एक और फैन ने कहा- सबका टाइम आयेगा! एक और फैन ने कहा, ‘वो आज भी उतने ही विनम्र और भावुक हैं, बॉलीवुड में इतने साल बिताने के बाद भी उनमें कोई बदलाव नहीं आया है। उनमें सिर्फ एक ही चीज बदला है और वो है आत्मविश्वास जो उम्र और सफलता के साथ-साथ सकारात्मक रूप से बढ़ा है!’ एक और ने कहा- बस उनके भावों को इतनी खूबसूरती से व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं बचे हैं!

रणवीर की ‘धुरंधर 2’ को खूब मिल रही तारीफ

बता दें कि ‘धुरंधर 2’ भारतीय सिनेमा में इतिहास रच रही है। इस फिल्म ने केवल 9 दिनों के भीतर अब तक वर्ल्डवाइड 1,363.15 करोड़ रुपये की धांसू कमाई कर ली है। आदित्य धर निर्देशित इस फिल्म ने भारत में ₹847.87 करोड़ नेट कलेक्शन कर लिया है।

Spread the love