नई दिल्ली: 2 अप्रैल 2011… इस तारिख को भारतीय टीम और उनके चाहने वाले कभी नहीं भूल पाएंगे। इसी दिन भारत ने फाइनल में श्रीलंका को हराकर आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2011 का खिताब जीता था। हालांकि इस बात को 15 साल हो गए हैं। ऐसा लगता है जैसे कल की ही बात हो।
भारत की विश्व कप जीत को 15 साल पूरे होने पर उस टीम के सदस्य रहे पूर्व ऑलराउंडर यूसुफ पठान ने एक भावुक पोस्ट भी एक्स पर शेयर किया था। इसके अलावा उन्होंने टीम इंडिया के मौजूदा हेड कोच गौतम गंभीर के लिए भी अलग से ट्वीट किया और उनको जमकर सराहा।
गौतम गंभीर को लेकर यूसुफ पठान ने क्या कहा
आपको बता दें कि श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में गौतम गंभीर ने मैच विनिंग पारी खेली थी। गौतम गंभीर ने तीसरे नंबर पर आकर 9 चौकों की मदद से 97 रन बनाए थे। अगर गंभीर के बल्ले से यह पारी नहीं निकलती तो शायद भारत विश्व विजेता नहीं बनता। गंभीर की इस पारी को याद करते हुए यूसुफ पठान ने एक्स पर ट्वीट किया है।यूसुफ पठान ने लिखा, कुछ नाइंटीज शतकों से बेहतर होते हैं। कुछ पल आंकड़ों से बड़े होते हैं। 97 और ट्रॉफी भारत के ड्रेसिंग रूम में। अरबों सपने पूरे हुए।
2011 वर्ल्ड कप जीतने को लेकर भी किया था इमोशनल पोस्ट
इससे पहले बीते 2 अप्रैल को यूसुफ पठान ने भारत की विश्व कप जीत को लेकर कहा था, कुछ जीत हमेशा याद रहती हैं और 2011 वर्ल्ड कप उनमें से एक है। इस जीत ने करोड़ों इंडियंस को खुशी दी और साथ ही कई युवा क्रिकेटर्स को देश के लिए खेलने का सपना और इंस्पिरेशन भी दी। उस न भूलने वाली जर्नी का हिस्सा रहना मेरे लिए हमेशा एक सम्मान रहेगा।बता दें कि 2011 के वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 6 विकेट पर 274 रन बनाए थे। 275 रन का टारगेट भारत ने 48.2 ओवर में 6 विकेट रहते चेज कर लिया था।