भोपाल, साइक्लोनिक सर्कुलेशन (चक्रवात) और टर्फ से बना स्ट्रॉन्ग सिस्टम मध्य प्रदेश को घेरे हुए हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भोपाल-ग्वालियर समेत 45 जिलों में तेज आंधी चलने और बारिश होने का अनुमान जताया है। विभाग के अनुसार, प्रदेश के बीचोंबीच से एक टर्फ गुजर रही है, जबकि दूसरी टर्फ ऊपरी हिस्से में सक्रिय है। वहीं, पश्चिमी और उत्तरी हिस्से में 2 चक्रवात भी एक्टिव हैं।
सतना जिले में शनिवार सुबह तेज हवा चली। फिर गरज-चमक के साथ बारिश होने लगी। नर्मदापुरम और नरसिंहपुर में बूंदाबांदी हुई। सिवनी में रिमझिम बारिश हुई। इससे पहले शुक्रवार रात को बरघाट के मंडी गांव में बिजली गिरने से प्रांशू मरकाम (6) और डूंडासिवनी के बंजारी गांव में रमजान खान की मौत हो गई। रायसेन में रामपुर मनियाखेड़ी रोड पर कई खेतों में गेहूं की फसल खराब हो गई।
आज जबलपुर, छतरपुर, पन्ना, दमोह और कटनी में ओले-बारिश का अलर्ट है। वहीं, भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, बैतूल, नर्मदापुरम, रायसेन, सागर, विदिशा, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, उमरिया, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, रीवा, सतना, मैहर, निवाड़ी और टीकमगढ़ में आंधी, बारिश और गरज-चमक का दौर बना रह सकता है।
50 से 60Km/प्रतिघंटा से चलेगी आंधी
मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिन यानी 7 अप्रैल तक प्रदेश में तेज आंधी भी चलेगी। कुछ जिलों में इसकी अधिकतम रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक रहेगी। बाकी में 30 से 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार रहेगी।