भोपाल में LPG कस्टमर्स के साथ बड़ा ‘धोखा’, ट्रक में मिले बिना सील के सिलिंडर, 27 में तीन KG गैस कम

भोपाल। जिले में एलपीजी गैस सिलिंडरों का संकट चल रहा है, जहां उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद भी 10 से 15 दिन में सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं। जिससे परेशान होकर उन्हें एजेंसियों पर भीषण गर्मी में लाइन में लगना पड़ रहा है। इसी बीच डिपो से एजेंसी तक सिलिंडरों की खैप पहुंचाने वाले कर्मचारी कालाबाजारी कर रहे हैं।

इसका खुलासा तब हुआ जब खाद्य व नापतौल विभाग की टीम ने ट्रक में भरे 342 सिलिंडरों की जांच कराई तो पता चला कि 27 सिलिंडरों में एक से तीन किलोग्राम गैस कम थी और पांच सिलिंडर बिना सील के थे। हैरत की बात यह है कि चालक को सिर्फ 22 किलोमीटर दूर भौंरी डिपो से इमलिया सैनी इंडेन गैस गोदाम तक ट्रक लेकर पहुंचने में दो दिन का समय लग गया।

इससे खाद्य विभाग को संदेह है कि रास्ते में सिलिंडरों के साथ छेड़छाड़ की गई है, इस वजह से टीम से जांच करवाई जा रही है। जानकारी के अनुसार खाद्य विभाग और नापतौल विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि सूखीसेवनिया इमलिया स्थित सैनी इंडेन गैस गोदाम के बाहर सिलिंडरों से भरा ट्रक खड़ा हुआ है। जिसमें रखे सिलिंडरों में गैस कम और सील नहीं है।

इस पर सहायक आपूर्ति अधिकारी संदीप भार्गव ने टीम सहित मौके पर पहुंचकर जांच की तो पता चला कि सिलिंडरों से भरा ट्रक खड़ा हुआ था। इस पर उन्होंने नापतौल विभाग के उपनियंत्रक नसीमउद्दीन को बताया, तो उन्होंने निरीक्षक गोविंद प्रसाद रायकवार, अर्पित जैन को जांच करने के लिए भेजा। खाद्य व नापतौल विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से 342 सिलिंडरों की पांच घंटे तक जांच की। जिसमें 27 सिलिंडर में एक से तीन किलोग्राम तक गैस कम और पांच सिलिंडरों में सील नहीं होना पाया गया।

टीम ने कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर सूखीसेवनियां थाने में खड़ा करवा दिया है। जबकि कम वजन के सिलिंडरों को अन्य कंपनी की गैस एजेंसी अभिषेक पर रखवाए गए है, वहीं 310 गैस सिलिंडरों को इंडियन ऑयल कंपनी को सौंपे गए हैं। संचालक व चालक पर संदेह खाद्य विभाग को सिलिंडरों में गैस कम और सील नहीं मिलने पर सैनी गैस गोदाम व एजेंसी के संचालक सुनील सैनी व श्री बालाजी ट्रांसपोर्ट ग्वालियर के ट्रक चालक मोहम्मद सिराज पर संदेह हैं।

इससे उन्होंने चालक से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह भौंरी स्थित इंडेन के डिपो से बुधवार को सिलिंडरों से भरा ट्रक लेकर निकला था लेकिन रात को गांधी नगर जोड़ स्थित टोल प्लाजा पर रुक गया था। इसके बाद वह गुरुवार को सुबह नौ बजे एजेंसी के गोदाम पर इमलिया पर पहुंचा था।

पूछताछ में दिया गोलामाल जवाब

अधिकारियों ने चालक मोहम्मद सिराज से पूछा कि सिलिंडर में गैस कम और सील नहीं मिली है। इस पर चालक ने बताया कि उसे पता नहीं है, भौंरी डिपो से जैसे सिलिंडर रखे थे ट्रक में वैसे ही वह लेकर आ रहा है।हालांकि टीम द्वारा टोल प्लाजा व उसके आसपास मार्ग पर लगे सीसीटीवी के फुटेज जुटा रही है। जिससे यह पता चल सकेगा कि सिलिंडर में कहां पर छेड़छाड़ की गई है।

Spread the love