भोपाल/रायसेन। मध्यप्रदेश के अन्नदाता के लिए 11 अप्रैल का दिन बेहद खास रहा। उन्हें बीज से बाजार तक का रास्ता दिखाया गया। उनकी जानकारी के लिए बीज, उर्वरक, उद्यान, सिंचाई प्रबंधन, बैंक से संबंधित समस्याओं का हल, मशीनों का प्रदर्शन किया गया। किसानों को कई तरह के स्टॉल द्वारा किसानी के कई पहलुओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में किसानों के लिए ‘ई-फॉर्म्स’ एप भी लॉन्च किया गया। मौका था रायसेन के दशहरा मैदान पर आयोजित ‘उन्नत कृषि महोत्सव 𝟐𝟎𝟐𝟔’ का। कार्यक्रम में कई योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किया गया। उन्नत कृषि महोत्सव 13 अप्रैल तक आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ-साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई जन-प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत की अलग छवि बन रही है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के हाथों मध्य प्रदेश में बीईएमएल के पहले रेल कारखाने का भूमिपूजन हुआ है। वे मध्यप्रदेश के लिए शुभंकर हैं। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में देश कृषि क्षेत्र में तेजी से विकास कर रहा है। खेत में किसान और सीमा पर जवान हमारे लिए दोनों बराबर सम्मान रखते हैं। रक्षा मंत्री सिंह की उपस्थिति में यह आयोजन दोनों की गरिमा बढ़ाने वाला है। देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत का हर क्षेत्र में मान-सम्मान बढ़ रहा है। अब देश दोगुना खाद्यान्न निर्यात कर रहा है। केवल रायसेन जिला दुनिया के 47 देशों में बासमती चावल निर्यात कर रहा है। हमारी सरकारों में प्रदेश के किसानों को गेहूं का उचित मूल्य मिला है। इस वर्ष प्रति क्विंटल 40 रुपए का बोनस देकर किसानों को 2625 रुपए मूल्य पर गेहूं खरीदा जा रहा है। प्रदेश में सिंचाई का रकबा भी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों को अब दिन में भी सिंचाई के लिए बिजली मिल रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब, किसान, युवा और नारी के कल्याण के लिए योजनाओं की शुरुआत की है। राज्य सरकार ने इस वर्ष को किसान कल्याण वर्ष घोषित किया है। रायसेन में उन्नत कृषि महोत्सव का आयोजन किसान भाइयों के लिए अद्भुत है। प्रदेश में विकास का कारवां निरंतर जारी रखने के लिए हमारी सरकार कृत संकल्पित है।