कोलंबो: श्रीलंका क्रिकेट से एक ऐसी खबर आई है जिसे सुनकर शर्म आ जाए। कोलंबो के एक होटल में ठहरे श्रीलंका की अंडर-19 टीम के दो लड़कों को पुलिस ने धर दबोचा है। इन पर आरोप है कि ये होटल के बाथरूम में महिलाओं का छिप-छिपकर वीडियो बना रहे थे। इस हरकत के बाद पूरी टीम और बोर्ड की जमकर थू-थू हो रही है।
बाथरूम में मोबाइल से बना रहे थे गंदा वीडियो
मामला कोलंबो के नराहेंपिटा इलाके का है। होटल में रुकी कुछ महिलाओं ने शिकायत की कि जब वे नहा रही थीं, तो कोई मोबाइल फोन से उनका वीडियो रिकॉर्ड करने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने जब जांच की तो सुई इन दो युवा क्रिकेटरों पर जाकर रुकी। नराहेंपिटा पुलिस अब इस बात की जांच में जुटी है कि कहीं इन लड़कों ने वो वीडियो इंटरनेट पर तो नहीं डाल दिए।
5 लाख की जमानत पर छूटे, पर केस अभी जारी है
पकड़े जाने के बाद इन दोनों खिलाड़ियों को कोर्ट में पेश किया गया। फिलहाल कोर्ट ने इन्हें 5 लाख श्रीलंकाई रुपये की जमानत पर छोड़ तो दिया है, लेकिन मुसीबत अभी टली नहीं है। 25 मई को इन्हें फिर से कोर्ट के चक्कर काटने होंगे। पुलिस ने इनके फोन जब्त कर लिए हैं ताकि ये पता चल सके कि इन्होंने और कितनी ऐसी गंदी हरकतें की हैं।
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड में मची है अफरा-तफरी
आमतौर पर ऐसी हरकत पर बोर्ड तुरंत एक्शन लेता है, लेकिन श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड में इस वक्त खुद की कुर्सी बचाने की जंग चल रही है। पिछले दो दिनों में बोर्ड के पुराने अफसरों को हटाकर नई कमेटी बिठाई गई है। इसी उथल-पुथल की वजह से अभी तक इन खिलाड़ियों पर कोई आधिकारिक बैन नहीं लगा है, लेकिन माना जा रहा है कि इनका करियर अब खत्म होने की कगार पर है।