भोपाल। तीखी धूप के कारण इन दिनों पूरा मध्य प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में है। सोमवार को प्रदेश के लगभग सभी जिलों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से लेकर 46 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने मंगलवार को दतिया, भिंड, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में तीव्र लू चलने की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर समेत 30 से अधिक जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है।मौसम एक्सपर्ट का क्या कहना
मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि मप्र के छतरपुर जिले के खजुराहो का तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह दुनिया के सबसे गर्म शहरों में तीसरे स्थान पर रहा। पहले स्थान पर उत्तर प्रदेश का बांदा 47.6 डिग्री और दूसरे स्थान पर सऊदी अरब का जेद्दा किंग अब्दुल अजीज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा 47.3 डिग्री सेल्सियस पर रहा। तीसरे स्थान पर मप्र के खजुराहो के साथ प्रयागराज के घूपुर का तापमान भी रहा।
प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों की स्थिति
प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस से 45.4 डिग्री सेल्सियस तक रिकार्ड किया गया। रतलाम में तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से छह डिग्री अधिक था। यहां तीव्र लू चली।
इंदौर का क्या हाल
वहीं इंदौर में रात गर्म रही। यहां न्यूनतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। धार में 44.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ लू जैसे हालात बने रहे।
पूर्वी इलाके का क्या है हाल
पूर्वी इलाकों में भी तेज गर्मी का असर दिखाई दिया। छिंदवाड़ा में 43.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिली और कई जिलों में न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।