MP में गिरफ्तारियों के बाद लॉरेंस बिश्नोई के बाकी गुर्गों ने समेटे पैर, हैरी बॉक्सर के अमेरिका से प्रत्यर्पण का प्रयास करेगी पुलिस

 भोपाल। जेल में बंद माफिया लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर दो माह में मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में लोगों को धमकाने, फायरिंग और फिरौती मांगने की नौ घटनाएं सामने आने के बाद ताबड़तोड़ गिरफ्तारियां की गईं। नतीजा रहा कि डेढ़ माह से अधिक समय से कोई घटना सामने नहीं आई है। एसटीएफ ने प्रदेश में उसकी पूरी चेन की कमर तोड़ दी है।

महाराष्ट्र के कुछ जिलों में बढ़े वसूली के लिए धमकी के मामले

उत्तर प्रदेश, राजस्थान से भी पुलिस आरोपितों को पकड़कर यहां लाई है। एसटीएफ सूत्रों ने बताया कि प्रदेश में ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद यहां शांति है, लेकिन महाराष्ट्र के कुछ जिलों में वसूली के लिए धमकी के मामले सामने आने की सूचना है। प्रदेश के अशोक नगर में कारोबारी को धमकाने और फिरौती मांगने के आरोप में पुलिस ने अभी तक आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

इनमें मुख्य उत्तर प्रदेश का रहने वाला प्रदीप शुक्ला है। उस पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसी तरह से कसरावद में फिरौती मांगने की घटना में 18 लोगों की गिरफ्तारी की गई है। भोपाल में एक कारोबारी से फिरौती मांगने के मामले में तीन आरोपित गिरफ्तार किए गए हैं। इसमें मुख्य उत्तर प्रदेश के बांदा का रहने वाला आनंद मिश्रा है।

हैरी बॉक्सर के अमेरिका से प्रत्यर्पण का प्रयास करेगी पुलिस

इसी मामले में एसटीएफ राजस्थान के जयपुर जेल में बंद जेपी दारा को ट्रांजिट रिमांड पर भोपाल लेकर आई है। वह अभी न्यायिक हिरासत में जेल में है। एसटीएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दावा किया के प्रदेश में लारेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी, फिरौती में लगे पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा चुका है।

सभी मामलों में शिकायतकर्ताओं को बिश्नोई के खास गुर्गें हैरी बाक्सर के नाम पर धमकी मिली थी। इस कारण एसटीएफ उसे अमेरिका से लाने के लिए प्रत्यर्पण का प्रयास करने जा रही है।

Spread the love