हैदराबाद: आईपीएल 2026 के 67वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने घरेलू मैदान राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 55 रनों से हरा दिया। हालांकि, हैदराबाद यह मैच जीतकर भी क्वालीफायर-1 में जगह नहीं बना सकी, क्योंकि आरसीबी ने इस हार के बावजूद टॉप-2 में अपनी जगह पक्की कर ली है। इस करारी हार के बाद आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार ने मैच प्रेजेंटेशन के दौरान सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तानी दिमाग और गेंदबाजों की उस गजब चाल का खुलासा किया, जिसने चिन्नास्वामी के शेरों को हैदराबाद के मैदान पर बांधकर रख दिया। पाटीदार ने माना कि हैदराबाद के गेंदबाजों ने गति में बदलाव करके आरसीबी को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया।
हैदराबाद ने RCB को ऐसे फंसया
मैच के बाद जब रजत पाटीदार से पूछा गया कि क्या पिच दूसरी पारी में धीमी हो गई थी, तो उन्होंने इसका श्रेय पूरी तरह हैदराबाद के गेंदबाजों को दिया। पाटीदार ने कहा, ‘पिच उतनी ज्यादा धीमी नहीं हुई थी, लेकिन मुझे लगता है कि उनकी स्लोअर बाउंसर पिच पर थोड़ा ग्रिप कर रही थी। वैसे भी गति को धीमा रखना, स्लोअर बाउंसर फेंकना और सटीक यॉर्कर डालना हैदराबाद की ताकत है और उन्होंने आज मैदान पर इस योजना को बेहद शानदार तरीके से लागू किया।’ आरसीबी के कप्तान ने आगे कहा, ‘हैदराबाद की विकेट अमूमन बल्लेबाजी के लिए बहुत अच्छी होती है, लेकिन जब कोई गेंदबाज लगातार लेंथ को पीछे खींचकर स्लोअर बाउंसर फेंकने लगता है, तो किसी भी बल्लेबाज के लिए बड़े शॉट्स खेलना और रन बनाना बेहद मुश्किल हो जाता है। उनके पांचों गेंदबाजों ने इस रणनीति का बखूबी इस्तेमाल किया।’
255 के टारगेट को लेकर कही ये बात
पहाड़ जैसे लक्ष्य को लेकर बात करते हुए पाटीदार ने हैदराबाद के बल्लेबाजों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि ‘पहली पारी में स्कोर बोर्ड पर बहुत ज्यादा रन टंग चुके थे। उनके टॉप-5 बल्लेबाजों ने कमाल की क्रिकेट खेली और पहली पारी में हमारे गेंदबाजों पर पूरी तरह से दबदबा बनाए रखा। इस विकेट पर 255 रन एक बहुत बड़ा और सुरक्षित स्कोर था।’ उन्होंने यह भी माना कि आरसीबी की पहली प्राथमिकता पॉइंट्स टेबल के बिल्कुल टॉप पर बने रहने की थी, लेकिन पहली पारी में अत्यधिक रन लुटाने के कारण मैच उनके हाथ से निकल गया।