सिंहदेव का अनशन, बैज की भूख हड़ताल समाप्त, आंदोलन स्थगित

सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाने के सामने पूर्व डिप्टी सीएम टीएम सिंहदेव का आमरण अनशन और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज की क्रमिक भूख हड़ताल समाप्त हो गई है। सूरजपुर एसडीएम एवं एएसपी ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर कांग्रेस नेताओं से चर्चा की और अधिकारियों से बात कराई। कांग्रेस की मांग के अनुरूप टीआई के निलंबन और आर्म्स एक्ट के धाराओं की वापसी के आश्वसान के बाद बाद आंदोलन स्थगित कर दिया गया है।

सूरजपुर कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने के विरोध में सोमवार से दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेस ने प्रदर्शन शुरू किया था। मंगलवार को टीएस सिंहदेव अनशन पर और दीपक बैज भूख हड़ताल पर बैठ गए थे। कांग्रेस के आंदोलन में मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी पहुंचे थे।

मंगलवार रात सूरजपुर एसडीएम शिवानी जायसवाल और सूरजपुर एएसपी योगेश देवांगन आंदोलन स्थल पर पहुंचे और आंदोलन स्थगित करने के लिए मान मनौव्वल की। ठोस आश्वासन नहीं मिलने के कारण सिंहदेव व बैज आंदोलन स्थगित करने को तैयार नहीं हुए।

बुधवार को फिर से एसडीएम और एएसपी धरना स्थल पर पहुंचे और सिंहदेव व बैज से आंदोलन समाप्त करने के लिए चर्चा की। सिंहदेव एवं बैज की फोन से बात सरगुजा आईजी दीपक कुमार झा, सूरजपुर एसपी प्रशांत कुमार ठाकुर से कराई। पुलिस अधिकारियों ने कांग्रेस की मांग पर टीआई के खिलाफ कार्रवाई करने और आर्म्स एक्ट की दर्ज धारा को समाप्त करने का आश्वासन दिया।

आश्वासन के बाद सिंहदेव व दीपक बैज हड़ताल समाप्त करने को तैयार हुए। प्रशासन ने नारियल पानी पिलाकर दोनों का आंदोलन समाप्त कराया।

भूपेश ने कहा था- पुलिस अधिकारियों का नाम याद रखेंगे

शिवनंदनपुर नगर पंचायत की चुनावी रैली को संबोधित करते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि चुनाव को प्रभावित करने के लिए कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष के खिलाफ फर्जी मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि इसके विरोध में टीएस सिंहदेव आमरण अनशन पर बैठे हैं, जबकि दीपक बैज भूख हड़ताल कर रहे हैं।

भूपेश बघेल ने पुलिस प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश के कांग्रेसजन चूड़ी पहनकर नहीं बैठे हैं। उन्होंने कहा कि थानेदार का नाम हमेशा याद रखा जाएगा। सरकार आती-जाती रहती है। किसी दिन हमारी भी सरकार आएगी। एसपी और आईजी भी समझ लें। जब मामला आपकी जानकारी में आ गया है तो सुधार कर लीजिए, नहीं तो इसे याद रखा जाएगा।

प्रदर्शन के बाद दूसरे पक्ष के खिलाफ FIR

कांग्रेस ने आंदोलन के दौरान प्रमुख रूप से तीन मांगें रखी थीं। इनमें से एक मांग नरेंद्र जैन के आवेदन पर दूसरे पक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की थी। विश्रामपुर पुलिस ने मंगलवार देर शाम नरेंद्र जैन की पत्नी मधु जैन के आवेदन पर दूसरे पक्ष के दो आरोपियों के खिलाफ धारा 296 और 351 (3) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने सोशल मीडिया पोस्ट कर कहा कि न्याय के लिए चल रहे संघर्ष की राह में उनकी पहली मांग पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि न्याय और संघर्ष की इस लड़ाई में वे आगे भी लगातार बढ़ते रहेंगे।

Spread the love