बांधवगढ़ में ग्रामीणों के आक्रोश और बाघ के खतरे के बीच रेंज ऑफिसर अंजू वर्मा ने दिखाई बहादुरी, साहसिक भूमिका के लिए सम्मानित

4 घंटे तक उग्र भीड़ के बीच घिरी रहीं वन अधिकारी, फिर भी संभाली स्थिति

भोपाल /उमरिया – दिनांक 24.05.2026 को पनपथा बफर परिक्षेत्र के ग्राम खेरवा टोला में रात्रि लगभग 2:30 से 3 बजे एक दुखद घटना घटित हुई, जिसमें एक बाघ द्वारा घर में घुसकर एक महिला की जनहानि कर दी गई तथा एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर परिक्षेत्र अधिकारी पतौर, सुश्री अंजू वर्मा अपने स्टाफ सहित तत्काल घटनास्थल पर पहुँचीं, ताकि घायल व्यक्तियों को अस्पताल भेजा जा सके तथा घर के अंदर मौजूद बाघ के रेस्क्यू कार्य में सहयोग प्रदान किया जा सके।

घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला एवं पुरुष एकत्रित थे तथा स्थिति अत्यंत तनावपूर्ण बनी हुई थी। इसी दौरान ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और मौके पर उपस्थित वनकर्मियों पर लाठी एवं पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में कई वनकर्मी घायल हो गए तथा उन्हें अपनी जान बचाकर वहाँ से हटना पड़ा।

उग्र भीड़ ने परिक्षेत्र अधिकारी पतौर, अंजू वर्मा को घेरकर लगभग 4 से 5 घंटे तक रोके रखा तथा उनके साथ अभद्रता एवं मारपीट भी की गई। अत्यंत विषम एवं जोखिमपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद अंजू वर्मा ने अदम्य साहस, धैर्य एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए ग्रामीणों से लगातार संवाद बनाए रखा। उन्होंने प्रशासन एवं ग्रामीणों के मध्य सामंजस्य स्थापित कर स्थिति को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। साथ ही जनहानि स्थल पर मौजूद बाघ तथा स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उल्लेखनीय साहस का प्रदर्शन किया।

घटना के दौरान अनेक वनकर्मियों को ग्रामीणों द्वारा लाठी-डंडों से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। ऐसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सुश्री अंजू वर्मा द्वारा प्रदर्शित साहस, कर्तव्यनिष्ठा, नेतृत्व क्षमता एवं ग्रामीणों से सतत संवाद बनाए रखने की भावना को देखते हुए बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर द्वारा उन्हें ₹25,000/- की सम्मान राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।

अंजू वर्मा वर्ष 2016 बैच की रेंज ऑफिसर हैं। अपने सेवाकाल में उन्होंने खवासा रेंज (साउथ सिवनी सामान्य वनमंडल) तथा शाहगढ़ रेंज (नॉर्थ सागर सामान्य वनमंडल) में सेवाएँ प्रदान की हैं। वर्तमान में वे बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पतौर परिक्षेत्र में पदस्थ हैं।

बांधवगढ़ टाइगर रिज़र्व प्रबंधन उनके इस साहसिक कार्य की सराहना करता है तथा उनके उज्जवल भविष्य की कामना करता है।

Spread the love