इस इवेंट के दौरान, होस्ट दीया मिर्जा ने पंकज त्रिपाठी से पूछा कि अगर वह कभी YouTube पर आते हैं, तो किस तरह का कंटेंट बनाएंगे? इस पर पंकज त्रिपाठी मुस्कुराए और बोले, ‘मैं प्रवचन दूंगा और मोटिवेशनल स्पीकर बन जाऊंगा।’ उन्होंने मजाक में यह भी कहा कि आजकल मोटिवेट होने वाले लोग कम बचे हैं और मोटिवेशनल स्पीकर ज़्यादा हो गए हैं। लोग दूसरों को मोटिवेट करने वाले की तलाश में हैं, लेकिन मोटिवेट होने वाला कोई बचा ही नहीं है।
सोशल मीडिया पर पंकज त्रिपाठी
जब पंकज त्रिपाठी से पूछा गया कि क्या उन्हें सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने या एक्टिंग के दौरान ज़्यादा ‘लाउड’ परफॉर्मेंस देने का दबाव महसूस होता है, तो उन्होंने साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, ‘मुझे ऐसा कोई दबाव महसूस नहीं होता। फिल्ममेकर्स मुझसे कहते हैं कि मैं स्क्रीन पर बस वही करूं जो मैं नेचुरली करता हूं। मुझे उस स्टाइल के लिए पैसे मिलते हैं जो असल में मुझमें है।’ अपनी सादगी और ओरिजिनैलिटी के बारे में बात करते हुए, उन्होंने मजाक में खुद को ‘ऑथेंटिसिटी कुमार’ कहा।
पंकज त्रिपाठी ने बताया कैसे हैं भाई?
इस इवेंट के दौरान, पंकज त्रिपाठी ने अपने बड़े भाई विजेंद्र नाथ तिवारी की सेहत के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनके भाई की सेहत अब पहले से बेहतर है और वे धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं। गौरतलब है कि हाल ही में 21 जून को बिहार के गोपालगंज जिले में उनके भाई पर जानलेवा हमला हुआ था, जिसके बाद पंकज त्रिपाठी अपने परिवार से मिलने पटना पहुंचे थे। फिलहाल, उनके भाई का इलाज पटना के एक अस्पताल में चल रहा है।
पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई पर हमला
गोपालगंज पुलिस के अनुसार, यह घटना माधोपुर पुलिस स्टेशन इलाके के बेलसंड गांव में हुई। पंकज त्रिपाठी के बड़े भाई विजेंद्र नाथ तिवारी अपने घर के बाहर बैठे थे, तभी उनके पड़ोसी राजेश साह ने जमीन के पुराने विवाद और घर के पास मिट्टी फेंकने के मुद्दे को लेकर उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में उनकी पीठ और कंधों पर गंभीर चोटें आईं।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
उन्हें सबसे पहले गोपालगंज सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पटना के एक अस्पताल में रेफर कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया है और हमले में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।