रीवा ग्राम पंचायत में आज विकास कार्यों की सौगात, सांसद बृजमोहन अग्रवाल करेंगे लोकार्पण

आरंग। विकासखंड की ग्राम पंचायत रीवा में शनिवार को कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से गांव को शिक्षा, डिजिटल सुविधाओं और आधारभूत ढांचे से जुड़ी नई सौगातें मिलेंगी। आयोजन को लेकर पंचायत और ग्रामीणों ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद बृजमोहन अग्रवाल शामिल होंगे, जबकि मंत्री गुरु खुशवंत साहेब कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में नवनिर्मित महतारी सदन, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बनाए गए अतिरिक्त कक्ष तथा व्यावसायिक परिसर का लोकार्पण किया जाएगा।

इसके साथ ही पंचायत में बनने वाले अटल डिजिटल भवन का भूमिपूजन भी किया जाएगा। यह भवन ग्रामीणों को डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने और पंचायत के कार्यों को अधिक पारदर्शी एवं तकनीक आधारित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृहद वृक्षारोपण अभियान भी चलाया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों की सहभागिता रहेगी। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहेंगे।

ग्रामीणों का कहना है कि इन विकास कार्यों के पूरा होने से शिक्षा, डिजिटल सेवाओं और पंचायत की आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। आयोजन को लेकर पूरे गांव में उत्साह का माहौल है और पंचायत परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है।

Spread the love