चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा चुनाव अगले साल होने हैं। इससे पहले पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी की खबरें हैं। हालांकि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने पार्टी के भीतर किसी भी तरह के टकराव से इनकार किया है। उन्होंने साफ किया कि पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी उनके वरिष्ठ नेता हैं और वह उनसे लगातार सीख रहे हैं। साथ ही उन्होंने वरिष्ठ नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा के साथ रिश्तों को लेकर भी अपनी बात रखते हुए कहा कि उनके संबंध इतने पुराने और मजबूत हैं कि किसी भी गलतफहमी को बातचीत के जरिए दूर किया जा सकता है।
‘चन्नी बनाम वडिंग’ पर क्या कहा?
कांग्रेस में ‘चन्नी बनाम वडिंग’ की चर्चा और पार्टी के भीतर चल रही रस्साकशी को लेकर राजा वडिंग ने खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि चन्नी साहब बड़े नेता हैं। मैं अभी छोटा हूं। वह मेरे बड़े भाई जैसे हैं। बनाम बनाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन वास्तव में ऐसा कुछ नहीं है। मैं चन्नी साहब से बहुत कुछ सीख रहा हूं। सिर्फ चन्नी साहब ही नहीं, बल्कि पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं से सीख रहा हूं। तजुर्बे से जो सीखा जाता है, वह किसी और तरीके से नहीं सीखा जा सकता। इसलिए मेरे और चन्नी साहब के बीच किसी तरह की प्रतिस्पर्धा या टकराव की बात नहीं है। मैं इतना बड़ा भी नहीं हूं कि चन्नी साहब के मुकाबले की बात करूं।