मोहला। 12 जुलाई 2009 को अविभाजित राजनांदगांव जिले के थाना मानपुर अंतर्गत कोरकोट्टी में नक्सलियों द्वारा घात लगाकर किए गए हमले में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव स्वर्गीय विनोद चौबे सहित कुल 29 जवान माओवादियों की कायराना करतूत के कारण शहीद हो गए थे।
वीर शहीदों की सर्वोच्च शहादत को सम्मान देने आज 12 जुलाई 2026 को उनकी शहादत की 17 वीं पुण्यतिथि पर रक्षित केंद्र मोहला स्थित अमर जवान प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्रद्धांजलि सभा में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह, कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह, अपर कलेक्टर मिथलेश डोंडे, द्वितीय कमान अधिकारी आईटीबीपी 44 वीं वाहिनी पानाबरस शरत कुमार त्रिपाठी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीताम्बर पटेल की उपस्थिति में जिला पुलिस बल मोहला के अधिकारियों, जवानों एवं जनप्रतिनिधियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि मदन साहू, प्रकाश मिश्रा, संजय जैन, पुलकित खंडेलवाल, एसडीएम मोहला हेमंत भुआर्य, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी मानपुर विनोद मिंज, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सुश्री नेहा पवार, उप पुलिस अधीक्षक ताजेश्वर दीवान, रक्षित निरीक्षक भुनेश्वर कश्यप, थाना प्रभारी मानपुर निरीक्षक कपिल देव चंद्रा, थाना प्रभारी गोटाटोला निरीक्षक खोमन भंडारी, थाना प्रभारी कोहका निरीक्षक सुशील त्रिपाठी, थाना प्रभारी औंधी निरीक्षक सतीश साहू, थाना प्रभारी सीतागांव निरीक्षक संजय यादव, थाना प्रभारी खड़गांव उप निरीक्षक गणेश यादव, थाना प्रभारी मदनवाड़ा उप निरीक्षक नवल साव, थाना प्रभारी चिल्हाटी उप निरीक्षक संजय मेरावी, प्रभारी नियंत्रण कक्ष उप निरीक्षक शंभूलाल सिन्हा सहित डीआरजी, आईटीबीपी एवं जिला पुलिस बल के अधिकारी-कर्मचारी तथा मोहला के ग्रामवासी उपस्थित रहे।
– कोरकोट्टी का विमोचन के साथ रक्तदान शिविर आयोजित
कार्यक्रम के समापन अवसर पर पत्रकार अतुल कुमार श्रीवास्तव द्वारा 12 जुलाई 2009 को घटित कोरकोट्टी नक्सल अभियान में देश सेवा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों को समर्पित लेख कोरकोट्टी का विमोचन कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाय.पी. सिंह एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों द्वारा किया गया। वीर शहीदों की स्मृति में रक्षित केंद्र मोहला में रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया।