अर्जेंटीना की हार के साथ ही इस दिग्गज का करियर भी खत्म, 2022 में लियोनल मेसी को बनाया था चैंपियन

नई दिल्ली: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में स्पेन के हाथों एक्स्ट्रा टाइम में मिली 0-1 की दर्दनाक हार के बाद अर्जेंटीना के मुख्य कोच लियोनेल स्कालोनी बेहद भावुक नजर आए। लगातार दूसरा विश्व कप जीतने के करीब पहुंचकर चूकी अर्जेंटीना की टीम का गम मैदान से लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस तक साफ छलका। मैच के तुरंत बाद स्तब्ध और रोते हुए नजर आए स्कालोनी ने संकेत दिया है कि वह जल्द ही अर्जेंटीना के हेड कोच का पद छोड़ सकते हैं।

2018 में संभाली थी अर्जेंटीना की कमान

साल 2018 में टीम की कमान संभालने वाले 48 वर्षीय स्कालोनी का अनुबंध इस साल के अंत में समाप्त हो रहा है। अपनी भविष्य की योजनाओं पर से पर्दा उठाते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि वह दिसंबर तक ही अपने पद पर रहेंगे और उसके बाद पद छोड़ने पर विचार कर रहे हैं। भविष्य के सवाल पर जवाब देते हुए स्कालोनी ने कहा, ‘मैं दिसंबर तक रहूंगा और उसके बाद संभवत हट जाऊंगा। तब तक मैं काम जारी रखूंगा और फिर महासंघ के अध्यक्ष से बात करूंगा। विचार यह है कि थोड़ा ब्रेक लिया जाए और रफ्तार को धीमा किया जाए।’

2022 में जिताया था वर्ल्ड कप

कोच के रूप में अर्जेंटीना को 2022 का विश्व कप और दो लगातार कोपा अमेरिका खिताब दिलाने वाले स्कालोनी ने माना कि यह पद संभालना उनके लिए किसी सपने जैसा रहा है। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि किसी नए व्यक्ति को मौका मिलना ही न्यायसंगत होगा। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, ‘यह एक अविश्वसनीय जगह और एक सपने जैसा अनुभव है। यह एक ऐसा सम्मान था जो मेरी कल्पना से भी परे था। लेकिन इस नौकरी में बहुत ज्यादा मानसिक और शारीरिक ऊर्जा लगती है। दिसंबर के बाद मुझे लगता है कि यह मुश्किल होगा क्योंकि किसी और के लिए जिम्मेदारी संभालना ज्यादा सही रहेगा।’स्कालोनी ने इस बात पर जोर दिया कि परिणाम चाहे जो भी रहे हों, लेकिन टीम और प्रशंसकों के बीच जो एकजुटता उन्होंने बनाई है वह हमेशा कायम रहनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘मैं वास्तव में उम्मीद करता हूं कि खिलाड़ियों और देश के लोगों के बीच यह जो समूह भावना और एकता बनी है, वह कभी न टूटे। यह एहसास हमेशा के लिए रहना चाहिए।’

Spread the love