UN में अफगानिस्तान के साथ खुलकर खड़ा हुआ भारत, बैन हटाने की मांग की, पाकिस्तान को जमकर कोसा

न्यूयॉर्क: भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में अफगानिस्तान की जमकर तरफदारी की है। उसने अफगानिस्तान पर लगे संयुक्त राष्ट्र के प्रतिबंधों पर फिर से विचार करने का आग्रह किया है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतनेनी हरीश ने यूएनएससी की बैठक में कहा कि अफगानिस्तान के राजनीतिक हालात काफी बदल गए हैं। उन्होंने आगे कहा कि इसलिए मौजूदा संयुक्त राष्ट्र प्रतिबंध व्यवस्था पर फिर से विचार करना जरूरी हो गया है। भारत का यह बयान तब आया है, जब पाकिस्तान लगातार अफगानिस्तान पर हवाई हमले कर रहा है।

भारत ने अफगानिस्तान पर प्रतिबंध खत्म करने की वकालत की

पर्वतनेनी हरीश ने कहा कि मौजूदा सजा वाले उपायों का असर खत्म हो गया है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अफगानिस्तान के साथ बातचीत के लिए नया तरीका अपनाने का आग्रह किया। हरीश ने अफगानिस्तान के अंदर पाकिस्तान के हवाई हमलों की भी निंदा की। उन्होंने ‘यूनाइटेड नेशंस असिस्टेंस मिशन इन अफगानिस्तान’ (UNAMA) की उन रिपोर्टों का जिक्र किया जिनमें इन हमलों की वजह से बड़ी संख्या में आम नागरिकों के हताहत होने की बात कही गई थी।

भारत ने अफगानिस्तान पर पाकिस्तानी हमलों की निंदा की

भारतीय प्रतिनिधि ने पाकिस्तान पर अफगानिस्तान के साथ व्यापार और ट्रांजिट पर पाबंदियां लगाने का भी आरोप लगाया और उन्हें हटाने की मांग की। दरअसल, अफगानिस्तान चारों ओर से जमीन से घिरा देश है। वह लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए पाकिस्तान पर निर्भर है। हालांकि पाकिस्तान उसी का फायदा उठाकर अफगानिस्तान पर दबाव बना रहा है। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान सीमा को पूरी तरह से बंद कर दिया है। इस कारण माल ढुलाई के अलावा लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है।

Spread the love