भोपाल, नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को राजधानी भोपाल में प्रदेशभर के छात्र-युवा राज्यव्यापी आंदोलन करेंगे। मूवमेंट अगेंस्ट अनएम्प्लॉयमेंट के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में विभिन्न जिलों से छात्र, युवा और नर्सिंग छात्र शामिल होंगे।
आयोजकों के अनुसार प्रदर्शन नीलम पार्क में होगा। आंदोलन के दौरान बढ़ती बेरोजगारी, पेपर लीक की घटनाएं, परीक्षा प्रणाली में कथित भ्रष्टाचार, मध्य प्रदेश के नर्सिंग कॉलेज फर्जीवाड़े, सरकारी स्कूलों को बंद किए जाने के विरोध और विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती की मांग उठाई जाएगी। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी की जाएगी।
बड़ी संख्या में युवाओं के आने का दावा
आंदोलन का नेतृत्व मूवमेंट अगेंस्ट अनएम्प्लॉयमेंट के पदाधिकारी करेंगे। आयोजकों का दावा है कि प्रदेश के कई जिलों से बड़ी संख्या में छात्र-युवा और नर्सिंग छात्र भोपाल पहुंच रहे हैं, जिससे आंदोलन में व्यापक भागीदारी रहने की उम्मीद है।
पुलिस ने चौकसी बढ़ाई
मूवमेंट अगेंस्ट अनएम्प्लॉयमेंट के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है। प्रदर्शन स्थल के आसपास बैरिकेटिंग कर दी है और पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। विपरीत परिस्थिति से निपटने के भी पूरे इंतजाम किए गए हैं।