‘गुरु के लिए यह गिफ्ट है’, 100 मीटर टी47 स्पर्धा में गोल्ड जीतने पर बोले दिलीप महादु

नई दिल्ली: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के सातवें दिन भारतीय पैरा एथलीट्स का प्रदर्शन शानदार रहा। 100 मीटर टी47 स्पर्धा में दिलीप महादु गावित ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया। वहीं, मोहम्मद बासिल ने सिल्वर मेडल को अपने नाम किया। दिलीप ने अपने इस मेडल को गुरु को समर्पित किया है।

गोल्ड मेडल किया गुरु के नाम

गोल्ड मेडल जीतने पर दिलीप ने कहा, "आज गुरु पूर्णिमा है, तो यह मेडल गुरु के लिए गिफ्ट है। मैं बचपन में पेड़ से गिर गया था और उसके कारण मेरा एक हाथ थोड़ा काटना पड़ा। इसके बाद मेरे कोच ने मुझे भागते हुए देखा और मेरे घरवालों को बोला। मेरे घर में थोड़ी तकलीफ थी, तो कोच ने मुझे गोद ले लिया है और वही मेरा सब कुछ करते हैं। नासिक में मैं ट्रेनिंग करता हूं और आज मुझे भागकर बहुत अच्छा लगा।"

प्रधानमंत्री को किया धन्यवाद

उन्होंने आगे कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मैं पैरा एथलीट्स को सपोर्ट करने के लिए धन्यवाद करना चाहता हूं। पैरालंपिक, साई ( भारतीय खेल प्राधिकरण ) और हमारी सरकार भी बहुत सपोर्ट करती है, जिसके कारण ही हम देश का नाम रोशन कर सके हैं।"

बचपन को किया याद

पहले जब मैं छोटा था, तो लोग मेरा बहुत मजाक उड़ाते थे और मुझे बहुत कुछ बोलते थे, लेकिन मैंने उन सभी की बातों को नजरअंदाज किया। इसके बाद कोच ने मुझे गोद ले लिया और मैं उनके घर में ही रहता हूं। एशियन गेम्स में भी मैं अच्छा प्रदर्शन करने का पूरा प्रयास करूंगा। मैं अभी कोई काम नहीं करता हूं और कोच का कहना है कि पहले देश के लिए हमारा ओलंपिक में गोल्ड मेडल होना चाहिए। अभी हमारा पूरा फोकस ओलंपिक में गोल्ड मेडल लेकर आने पर है।

दिलीप कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष पैरा एथलीट

महादु गावित ने 100 मीटर की रेस को 10.71 सेकंड में पूरा करते हुए गोल्ड मेडल को अपने नाम किया। उन्होंने ‘गेम्स रिकॉर्ड’ के साथ अपना बेस्ट प्रदर्शन भी किया। दिलीप कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष पैरा एथलीट भी बने हैं। मोहम्मद बासिल ने 10.83 सेकंड में रेस को पूरा करते हुए सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया।

Spread the love