रणबीर कपूर के बचाव में बोलीं ‘सीता’ दीपिका चिखलिया- ‘एनिमल’ कर सकते हैं तो राम भी बन सकते हैं, ऊपर से नहीं आए

‘रामायणम्’ से दर्शकों को बहुत उम्मीदें हैं, पर साथ ही मन में सवाल भी उठते रहे हैं कि राम के किरदार में रणबीर कपूर और सीता के किरदार में साई पल्लवी जंचेंगी? क्या दोनों ही अपने किरदारों से न्याय कर पाएंगे? अब जब फिल्म का ट्रेलर रिलीज हुआ, तो इसे मिक्स्ड रिस्पॉन्स मिला। एक वर्ग ने जहां रणबीर की तारीफ की, तो वहीं बहुत से लोग ऐसे भी हैं, जिन्हें राम के किरदार में रणबीर फीके लगे। और तो और सीता बनीं साई पल्लवी भी पसंद नहीं आईं। अब इस पर दीपिका चिखलिया ने रिएक्ट किया है, जो रामानंद सागर की ‘रामायण’ में माता सीता बनी थीं, और आज भी दर्शक असल जिंदगी में उन्हें ही सीता मान पूजते हैं।

कोई भी एक्टर या एक्ट्रेस जब छोटे या बड़े पर्दे पर राम-सीता का किरदार निभाता है, तो उसकी तुलना अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया से जरूर की जाती है। दोनों ने रामानंद सागर की ‘रामायण’ में राम और सीता का किरदार निभाया था। अब ‘रामायणम्’ का ट्रेलर रिलीज हुआ, तो फिर से यही देखने को मिल रहा है। ट्रेलर रिलीज होने के बाद रणबीर कपूर के भगवान राम के रोल में कास्टिंग को लेकर ऑनलाइन बहस फिर से शुरू हो गई है।

दीपिका चिखलिया ने किया रणबीर कपूर का बचाव

कुछ सोशल मीडिया यूजर्स का तर्क है कि ‘एनिमल’ में रणबीर ने जिस तरह का रोल निभाया और गालियां दीं, उस कारण वह राम के किरदार को निभाने के लिए सही नहीं हैं। हालांकि, दीपिका चिखलिया ने इस आलोचना को खारिज करते हुए कहा कि एक्टर्स को सिर्फ एक परफॉर्मेंस के आधार पर नहीं आंका जाना चाहिए। दीपिका ने ‘हिंदी रश’ को दिए इंटरव्यू में कहा, ‘हम एक्टर्स हैं। हम ऊपर से नहीं आए हैं। एक एक्टर के तौर पर हमें अलग-अलग तरह के किरदार निभाने का मौका मिलता है, और यही सबसे बड़ी बात है।’

”एनिमल’ कर सकते हैं तो ‘राम’ भी बन सकते हैं, वो लकी हैं’

उन्होंने आगे कहा, ‘अगर कोई ‘बर्फी’ कर सकता है, तो वह ‘एनिमल’ भी कर सकता है। और अगर वह ‘एनिमल’ कर सकता है, तो वह राम का किरदार भी निभा सकता है। जरा सोचिए, वह कितने किस्मत वाले हैं कि उन्हें इतने अलग-अलग तरह के रोल मिल रहे हैं। वह बहुत लकी हैं, और यह बहुत अच्छी बात है कि वह ऐसा कर रहे हैं।’

सीता बनीं साई पल्लवी पर बोलीं- फिल्म रिलीज होने पर देखेंगे

दीपिका चिखलिया ने फिर सीता के किरदार में साई पल्लवी की कास्टिंग पर बात की। उन्होंने कहा कि उन्हें साई पल्लवी की एक्टिंग पर बहुत भरोसा है और फिल्म देखे बिना कास्टिंग की आलोचना करने का कोई कारण नहीं है। वह बोलीं, ‘मैंने साई पल्लवी की साउथ इंडियन फिल्में देखी हैं और मेरी नजर में वह बहुत अच्छी एक्ट्रेस हैं। वह सीता का रोल कर रही हैं और मैं इसके बारे में कुछ भी बुरा नहीं कहना चाहती। मैं किसी के प्रोजेक्ट के बारे में बुरा क्यों बोलूं? फिल्म रिलीज होने पर हम उसे देखेंगे, लेकिन मुझे पता है कि वह एक अच्छी एक्ट्रेस हैं और बहुत अच्छा काम करेंगी। किसी रोल में फिट होने के लिए अच्छा एक्टर होना बहुत जरूरी है। मैं किसी और के प्रोजेक्ट की बुराई करने में यकीन नहीं रखती।’

साई पल्लवी की कास्टिंग पर यह बोली थीं दीपिका चिखलिया

वहीं, इससे पहले दीपिका ने ‘वैराइटी इंडिया’ को दिए इंटरव्यू में साई पल्लवी को सीता के किरदार में साइन किए जाने पर कहा था कि तुलसीदास की रामायण में घुंघराले बाल वाली सीता जी का जिक्र नहीं है। इसलिए उन्हें नहीं पता कि साई पल्लवी सीता बनकर कैसी लगेंगी। दीपिका चिखलिया ने कहा था, ‘तुलसीदास की रामायण में सीता का जो वर्णन है, उसमें बादाम जैसी आंखों, एक खास कद-काठी, बालों और रंग-रूप वाली महिला की बात कही गई है। रामानंद सागर ऐसी ही एक्ट्रेस की तलाश में थे और उन्हें मुझमें वो खूबियां दिखीं। मैं जानती हूं कि वो सभी अच्छे एक्टर हैं। अगर वह इस रोल के लिए सही साबित होती हैं, तो यह अच्छी बात है। मुझे लगता है कि ‘रामायणम्’ फिल्म पर हमारी ‘रामायण’ भारी पड़ेगी। महामारी के दौरान जब हमारी ‘रामायण’ दूरदर्शन पर दिखाई गई, तो नई पीढ़ी ने भी इसे देखा। इसलिए, उस छाप को मिटाना बहुत मुश्किल है। ‘रामायण’ में घुंघराले बालों वाली सीताजी का कोई जिक्र नहीं है।’

Spread the love