बीना। भोपाल से ललितपुर की ओर जा रही पुष्पक एक्सप्रेस में गुरुवार रात एक घटना सामने आई। ट्रेन के वाशरूम की खिड़की से बाहर युवक का शव गमछे से लटका हवा में झूलता हुआ पाया गया। यह देखते ही लोगों के होश उड़ गए।
स्टेशन मास्टर की सूझबूझ से रोकी गई ट्रेन
घटना का खुलासा तब हुआ जब ट्रेन कुरवाई रेलवे स्टेशन से गुजर रही थी। ड्यूटी पर तैनात स्टेशन मास्टर की नजर वाशरूम की खिड़की से बाहर लटके शव पर पड़ी। उन्होंने बिना एक पल गंवाए ट्रेन के गार्ड और बीना रेलवे स्टेशन को अलर्ट किया। इसके बाद बिना किसी तय स्टॉपेज के पुष्पक एक्सप्रेस को रात 12:03 बजे बीना स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर आपातकालीन स्थिति में रोका गया, जहां GRP की टीम ने शव को नीचे उतारा।
छत्तीसगढ़ का रहने वाला था मृतक
GRP की तलाशी के दौरान मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के जरिए उसकी शिनाख्त छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले (ग्राम पदनिया) निवासी 30 वर्षीय गुरुवर सिंह के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि युवक ने पहले वाशरूम का दरवाजा अंदर से बंद किया, फिर लोहे की खिड़की पर गमछे का फंदा बांधा और ट्रेन के बाहर छलांग लगा दी। इस खौफनाक घटना के बाद शव करीब नौ किलोमीटर तक ट्रेन के बाहर ही लटका रहा।
जांच में जुटी GRP
GRP थाना प्रभारी बी.बी.एस. परिहार ने जानकारी दी कि मृतक के पास से कोई मोबाइल फोन बरामद नहीं हुआ है। सहयात्रियों के अनुसार युवक भोपाल स्टेशन से ट्रेन में सवार हुआ था। पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहन जांच की जा रही है।