जब से ‘रामायणम्’ का ट्रेलर रिलीज हुआ है, तभी से इसे बारीकी से निहारा जा रहा है और VFX से लेकर कॉस्ट्यूम, जूलरी और यहां तक की कास्टिंग पर हर कोई अपनी राय दे रहा है। ट्रेलर देखकर तो लोगों ने जैसे इसका ‘पोस्टमार्टम’ ही कर दिया है। वो ‘बाज जैसी नजरों’ से हर बारीक डिटेल पर रिएक्ट कर रहे हैं। यही वजह रही कि ‘रामायणम्’ के ट्रेलर में लोग रानी कैकेयी से लेकर शूर्पणखा और सीता तक के मॉडर्न अवतार को देख हैरान रह गए। जिस त्रेता युग में सिल्क और दो टोन की साड़ी-ब्लाउज का नामोंनिशान तक नहीं था, सिल्क तक नहीं था, उस युग के किरदार मॉडर्न अवतार में नजर आए, तो लोगों ने माथा ही पकड़ लिया। यही वजह है कि इतनी खामियों को देख लोग ‘रामायणम्’ की तुलना अनायास ही रामानंद सागर की ‘रामायण’ से कर रहे हैं। उसे सबसे बेहतर बता रहे हैं।
उस ‘रामायण’ ने कास्टिंग से लेकर कॉस्ट्यूम, जूलरी, एक्टिंग और स्पेशल इफेक्ट्स तक के मामले में बेंचमार्क स्थापित किया है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि रामानंद सागर ने अपने राम-सीता से लेकर लक्ष्मण और यहां तक कि केवट के लिए कॉस्ट्यूम और जूलरी कैसे तैयार करवाए थे?
रामानंद सागर की ‘रामायण’ जुगाड़ से शूट, ₹9 करोड़ में बना शो
रामानंद सागर ने अपनी ‘रामायण’ को जुगाड़ और ट्रिक्स से शूट किया था। पूरा शो सिर्फ 7-9 करोड़ रुपये में शूट हो गया था, जिसमें कुल 78 एपिसोड थे। एक एपिसोड को शूट करने में 9 लाख रुपये का खर्च आया था। जबकि नितेश तिवारी और नमित मल्होत्रा ने ‘रामायणम्’ पर 4000 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। 8 बार ऑस्कर जीत चुकी नमित की DNEG कंपनी ने VFX डिजाइन किए हैं। फिर भी लोग इसे रामानंद सागर की ‘रामायण’ के करीब भी नहीं मान रहे।
‘मगनलाल ड्रेसवाला’ ने डिजाइन किए थे कपड़े, 100 साल पुरानी कंपनी
रामानंद सागर ने ‘रामायण’ के लिए खुद कास्टिंग की थी। उन्होंने कॉस्ट्यूम से लेकर जूलरी तक खुद साथ बैठकर डिजाइन करवाई थी। सीरियल में दीपिका चिखलिया से लेकर अरुण गोविल और सुनील लहरी से लेकर पूरी कास्ट की कॉस्ट्यूम ‘मगनलाल ड्रेसवाला’ ने डिजाइन की थी, जो अब 100 साल पुरानी कंपनी है। यह भारतीय सिनेमा की सबसे पुरानी कॉस्ट्यूम सप्लायर कंपनी है।
लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज कंपनी का नाम
साथ ही इसका नाम लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी दर्ज है, क्योंकि इसने देश की पहली बोलती फिल्म ‘आलम आरा’ के भी कॉस्ट्यूम डिजाइन किए थे। साथ ही इसने बीआर चोपड़ा की ‘महाभारत’ से लेकर ‘मुगल-ए-आजम’, ‘रोटी कपड़ा और मकान’, ‘ज्वेल थीफ’, ‘चाणक्य’, ‘कोहिनूर’ और ‘ताजमहल’ जैसी फिल्मों और सीरियलों के कॉस्ट्यूम डिजाइन किए।
पहले कागज पर पेंट, रामानंद सागर ने ऐसे तैयार करवाई जूलरी
वहीं, रामानंद सागर ने पूरी कास्ट की जूलरी मशहूर आर्ट डायरेक्टर हीराभाई पटेल से डिजाइन करवाई थी। उन्होंने ही ‘रामायण’ के सारे सेट डिजाइन किए थे, जिनमें रावण के महल से लेकर लंका और अशोक वाटिका तक शामिल है। जूलरी बनाने से पहले हीराभाई पटेल पहले किरदार के हिसाब से डिजाइन को रामानंद सागर के साथ डिस्कस करते थे और फिर उसका डिजाइन हाथों से पेंट करते थे। इसका खुलासा हीराभाई पटेल के बेटे विपिन भाई पटेल ने ‘मेंस एक्सपी’ को दिए इंटरव्यू में किया था।