भोपाल। राजधानी में देर रात गश्त कर रही पुलिस टीम पर हमला कर नशे में धुत दो युवकों ने कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। भानपुर ब्रिज के पास लहराती कार रोककर जांच करना पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। कार में सवार जीजा-साले ने पहले गाली-गलौज की, फिर आरक्षक पर ताबड़तोड़ हमला कर उसका चेहरा लहूलुहान कर दिया और वर्दी तक फाड़ डाली। बीच-बचाव करने पहुंचे दूसरे आरक्षक से भी मारपीट की गई। घटना के बाद आसपास गश्त कर रही पुलिस टीमों ने घेराबंदी कर दोनों आरोपितों को मौके से दबोच लिया।
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार छोला मंदिर थाने में पदस्थ आरक्षक गुलाब किरार शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 2:30 बजे साथी आरक्षक मनोज कुशवाहा के साथ चार्ली वाहन पर क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। भानपुर ब्रिज से डेंटल कालेज की ओर जाने वाली पुलिया के पास सामने से एक कार लहराती हुई आती दिखाई दी। दुर्घटना की आशंका को देखते हुए आरक्षक गुलाब ने कार रुकवाकर जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक कार में सवार दोनों युवक शराब के नशे में थे। जैसे ही आरक्षक गुलाब किरार ने वाहन की तलाशी लेना शुरू किया, दोनों भड़क गए। आरोपितों ने पहले पुलिसकर्मियों से अभद्रता और गाली-गलौज की, फिर अचानक हमला कर दिया। अनुराग साहू ने आरक्षक गुलाब के चेहरे पर जोरदार मुक्का मारा। उसके हाथ में पहना कड़ा आरक्षक की आंख के नीचे लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हो गया। हमले के दौरान आरोपितों ने उसकी वर्दी भी फाड़ दी।
साथी आरक्षक मनोज कुशवाहा ने बीच-बचाव किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। घायल आरक्षक ने तत्काल वायरलेस पर सूचना दी। कुछ ही देर में आसपास गश्त कर रही पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं और घेराबंदी कर दोनों आरोपितों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपितों की पहचान 26 वर्षीय अनुराग साहू, निवासी देहगांव (रायसेन), वर्तमान निवासी सिद्धार्थ लेकसिटी, आनंद नगर और उसके 28 वर्षीय साले हेमंत साहू, निवासी देहगांव, वर्तमान निवासी राजेंद्र नगर, इंदौर के रूप में हुई।
दोनों निजी फाइनेंस कंपनियों में कार्यरत हैं। पुलिस पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे जेल रोड क्षेत्र में पार्टी करने के बाद लौट रहे थे। पुलिस ने कार जब्त कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत जेल भेज दिया गया है।