भोपाल। नर्सिंग छात्रों का अपनी मांगों को लेकर चल रहा आंदोलन बुधवार को तनावपूर्ण हो गया। नर्सिंग काउंसिल के सामने प्रदर्शन के दौरान तीन छात्र पास की एक खाली बिल्डिंग पर चढ़ गए। छात्रों की मांग थी कि नर्सिंग पाठ्यक्रमों के लंबित रिजल्ट तत्काल जारी किए जाएं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश के बाद छात्रों को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
अनिश्चितकालीन धरना और भविष्य की चिंता
नर्सिंग छात्रों के संगठन एनएसओ ने विभिन्न मांगों को लेकर आठ अगस्त से नर्सिंग काउंसिल भोपाल के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है। बुधवार को भी बड़ी संख्या में छात्र धरने में शामिल हुए। छात्रों का कहना है कि लंबे समय से परीक्षा और रिजल्ट में देरी के कारण उनका शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो रहा है और भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
छात्रों की प्रमुख मांगें
- छात्रों की प्रमुख मांगों में सभी जीएनएम और बीएससी नर्सिंग छात्रों के लंबित रिजल्ट जारी करने तथा आगामी परीक्षाएं समय पर कराने की मांग शामिल है। इसके साथ ही एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के जीएनएम, बीएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग और पैरामेडिकल विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने की मांग की गई है। ईडब्ल्यूएस वर्ग के विद्यार्थियों के लिए भी छात्रवृत्ति योजना शुरू करने की मांग है।
- छात्र नर्सिंग और पैरामेडिकल कालेजों को क्षेत्रीय विश्वविद्यालयों से हटाकर दोबारा मेडिकल यूनिवर्सिटी जबलपुर से जोड़ने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा नर्सिंग शिक्षा में भ्रष्टाचार खत्म करने और फैकल्टी मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने की मांग भी उठाई गई है।