भोपाल। निशातपुरा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह ओवरटेक करने से गुस्साए एक छात्र ने आगे चल रही कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार डिवाइडर पर चढ़ने के बाद मिट्टी के ढेर से टकराकर पलट गई। इसके बाद बेकाबू कार ने एक अन्य कार और ई-रिक्शा को भी चपेट में ले लिया। हादसे में कुल पांच लोग घायल हुए।
रातभर पार्टी, सुबह सड़क पर तांडव : भोपाल में ओवरटेक से नाराज नशे में धुत छात्रों ने कार में मारी टक्कर; 3 वाहन क्षतिग्रस्त, 5 लोग घायल
दुर्घटना के बाद भी कार में सवार नशे में डूबे तीन छात्र और एक छात्रा नहीं रुकी। उन्होंने घायलों से जमकर मारपीट भी की। मेडिकल जांच में चारों के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार साकेत नगर निवासी सुबीर डे (36) जेल रोड स्थित सागर पब्लिक स्कूल में शिक्षक हैं। बुधवार सुबह करीब 7:45 बजे वह अपने साथी शिक्षक वलीउल्ला के साथ कार से जेल रोड स्थित स्कूल जा रहे थे। ,
बेस्ट प्राइज के पास उन्होंने आगे चल रही सिडान कार को ओवरटेक करने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने रास्ता नहीं दिया। कुछ दूर तक दोनों वाहनों के बीच तनातनी चलती रही। आगे रास्ता मिलने पर सुबीर ने कार को ओवरटेक कर लिया।
थाना प्रभारी मनोज पटवा के अनुसार ओवरटेक से नाराज सिडान चालक ने करोंद चौराहे से पहले जलसेवा के सामने कट प्वाइंट पर सुबीर की कार को पीछे से टक्कर मार दी। इससे सुबीर की कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ी और मिट्टी के ढेर से टकराकर पलट गई। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने एक अन्य कार और ई-रिक्शा को भी टक्कर मार दी।
हादसे में सुबीर के सिर, दाहिने हाथ और कमर में चोट आई, जबकि वलीउल्ला के बाएं पैर और दाहिने हाथ में चोट लगी। ई-रिक्शा चालक राहुल कुशवाह और यात्री रामबाबू लोधी और किरण बाई भी घायल हुए। तीनों को सिर और पैरों में चोटें आई हैं।
टक्कर के बाद कार से उतरे तीन युवक और युवती ने घायलों की मदद करने के बजाय उनसे मारपीट शुरू कर दी। सूचना मिलने पर निशातपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार जब्त कर ली। पुलिस ने चालक अनुज पटेल और उसके साथी लक्की रघुवंशी, सुजीत गौर और भूमिका के खिलाफ केस दर्ज किया।
चारों कॉलेज छात्र-छात्रा हैं और ओरियंटल कालेज, कैरियर व जेएलयू में पढ़ाई करते हैं। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर थाने में नोटिस देकर छोड़ दिया।
हादसे में ई-रिक्शा का पिछला और दायां हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। सुबीर की कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक की तरफ का दरवाजा, पीछे की डिग्गी, बंपर और कांच भी टूट गए। वहीं स्विफ्ट डिजायर का पीछे का बंपर, बाईं तरफ के दोनों दरवाजे और कांच क्षतिग्रस्त हुए हैं।