नई दिल्ली: गौतम गंभीर के हेड कोच बनने के बाद टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप 2026 के साथ ही चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब जीता है। लेकिन इसके अलावा टीम का प्रदर्शन निराशाजनक ही रहा। टेस्ट में टीम दो बार घरेलू मैदान पर क्लीन स्वीप हो चुकी है। बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया में हार झेलनी पड़ी। आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज हारे। इसके बाद भी पूर्व भारतीय स्पिनर और गौतम गंभीर के टीम मेट रह चुके अमित मिश्रा का मानना है कि हेड कोच को और समय मिलना चाहिए।
अमित मिश्रा ने क्या कहा?
टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए अमित मिश्रा ने कहा, ‘कोच के लिए यह मुश्किल है। मुझे लगता है कि खिलाड़ियों को ज्यादा जिम्मेदारी लेने की जरूरत है। सभी फॉर्मेट के लिए एक कोच सालों से आम बात रही है। आपको किसी भी कोच को समय देना होगा। टेस्ट मैचों में, हमारे पास कम अनुभव वाले नए खिलाड़ी होते हैं। कोच और खिलाड़ियों को डेवलप होने में समय लगता है।’
टीम में बदलाव का भी बचाव किया
टेस्ट में गौतम गंभीर के आने के बाद से लगातार बदलाव भी हो रहे हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट में वॉशिंगटन सुंदर को नंबर-3 पर बैटिंग के लिए भेज दिया गया। इस तरह के कई फैसलों की वजह से भी गंभीर पर सवाल उठते हैं। अमित मिश्रा ने इसका भी बचाव करते हुए कहा- हम यहां यह सब नहीं देख पाते, लेकिन वे उनके साथ नेट्स में समय बिताते हैं और देखते हैं कि कौन अच्छी बैटिंग कर रहा है और कौन नहीं। यह बात उनके दिमाग में रहती है। हमें तो बस बदलाव ही दिखते हैं। विकेट और हालात के हिसाब से शायद सुंदर सही विकल्प थे, इसलिए उन्होंने उन्हें साउथ अफ्रीका सीरीज में तीसरे नंबर पर भेजा। वे देखते हैं कि कौन अच्छी बैटिंग या बॉलिंग कर रहा है। वे टेस्ट में 11 खिलाड़ियों का सबसे अच्छा कॉम्बिनेशन खोजने की कोशिश कर रहे हैं। उन्हें समय दें।"