IIT-बॉम्बे टॉपर योगेश साहू ने 1 करोड़ के सवाल पर छोड़ा गेम, बोले- प्रश्न गलत तरीके से पूछा गया

‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ में हालिया एपिसोड में IIT-बॉम्बे टॉपर रहे 23 साल के योगेश साहू नजर आए। अपने गेम और टैलेंट से अमिताभ बच्चन को प्रभावित करते हुए योगेश 1 करोड़ रुपये के सवाल तक पहुंचे थे। जिस तरह से योगेश ने गेम खेला था, उस देख अंदाजा लगाया जा रहा था कि वह 1 करोड़ रुपये जीत जाएंग, पर उन्होंने गेम क्विट कर दिया। वह सिर्फ 50 लाख रुपये ही जीत पाए।

गेम छोड़ने के बाद योगेश साहू ने कहा कि उन्होंने सही जवाब को इसलिए खारिज कर दिया था क्योंकि उन्हें लगा कि अगर सवाल घोड़ी के बारे में होता, तो उसे अलग तरह से पूछा गया होता। वह बिना किसी लाइफलाइन के 15वें सवाल तक पहुंच गए थे। योगेश साहू का कहना है कि सवाल को गलत तरीके से फ्रेम किया गया था।

अमिताभ बच्चन ने ₹1 करोड़ के लिए पूछा था ये सवाल

अमिताभ बच्चन ने योगेश साहू से पूछा था कि बड़ौदा के महाराजा के किस घोड़े ने 1943 में मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में पहली इंडियन डर्बी जीती थी। ऑप्शन थे – प्रिंसेस ब्यूटीफुल, रीगल डोमेन, स्टार ऑफ ग्वालियर और प्रिंस प्रदीप। जवाब को लेकर पक्का न होने पर योगेश साहू ने गेम छोड़ने का फैसला किया। इसके बाद बिग बी ने बताया कि सही जवाब ‘प्रिंसेस ब्यूटीफुल’ था और उन्होंने सवाल की भाषा को लेकर साहू की बात का भी जवाब दिया।

दिए गए ऑप्शंस देख चकराए योगेश, इस कारण फंसे

योगेश साहू ने दिए गए ऑप्शन्स पर गौर करते हुए कहा कि उन्होंने मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में हुई पहली इंडियन डर्बी के बारे में कुछ नहीं पढ़ा था। उन्होंने एलिमिनेशन के तरीके से जवाब पता करने की कोशिश की, जिसमें गलत जवाबों को हटा दिया गया। योगेश के मुताबिक,’प्रिंसेस ब्यूटीफुल’ उन्हें सही ऑप्शन नहीं लगा क्योंकि अगर वही जवाब होता, तो सवाल में घोड़े के बजाय घोड़ी का नाम पूछा जाता। उन्होंने इस बात पर भी विचार किया कि क्या ‘स्टार ऑफ ग्वालियर’ को एलिमिनेट किया जा सकता है, लेकिन पक्का न होने के कारण उन्होंने गेम छोड़ने का फैसला किया। इस तरह योगेश साहू 1 करोड़ रुपये नहीं जीत पाए और 50 लाख रुपये जीतकर गेम क्विट कर दिया।

ये था सही जवाब

गेम क्विट करने के बाद, योगेश साहू से जब सही जवाब का अंदाजा लगाने को कहा गया, तो उन्होंने ‘प्रिंस प्रदीप’ चुना, लेकिन बिग बी ने उन्हें बताया कि सही जवाब ‘प्रिंसेस ब्यूटीफुल’ था। तब योगेश साहू ने कहा कि वह उसे ही एलिमिनेट करने वाले थे। इस पर बिग बी ने कहा चूंकि वह घोड़ी थी, इसलिए उसका नाम ‘प्रिंसेस’ रखा गया था।

योगेश साहू ने IAS बनने के लिए ठुकराया था 18 लाख रुपये का पैकेज

योगेश साहू की बात करें, तो छत्तीसगढ़ के भाटापारा के रहने वाले हैं और IIT बॉम्बे से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग ग्रेजुएट और इंस्टिट्यूट टॉपर हैं। योगेश ने बताया कि उन्हें पहले ही प्रयास में इस प्रतिष्ठित इंस्टिट्यूट में दाखिला मिल गया था। साथ ही बताया कि उन्होंने कैंपस प्लेसमेंट के दौरान नौकरी न लेने का फैसला किया क्योंकि वह UPSC की तैयारी करना चाहते थे और IAS अफसर बनना चाहते थे।

Spread the love