भोपाल। जो महिलाएं पहली बार ड्रोन देखकर डर गईं, वही अब ड्रोन से खेतों में उर्वरक छिड़ककर 12 लाख रुपये तक कमा चुकी हैं। मांग इतनी है कि कुछ जगह किसान 10 दिनों तक प्रतीक्षा में रहते हैं। एप से बुकिंग हो रही है। अभी प्रदेश में उर्वरक बनाने वाली कंपनियों के सीएसआर फंड से दीदियों को 89 ड्रोन दिए गए थे। सभी चल रहे हैं।
मांग बढ़ने पर राज्य आजीविका मिशन ड्रोन दीदी बटालियन बनाने जा रहा है। इसमें 700 से अधिक महिलाओं को ड्रोन उड़ाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही उन्हें नमो ड्रोन दीदी योजना के अंतर्गत ड्रोन उपलब्ध कराने में सहयोग किया जाएगा।
15 दिन का निश्शुल्क प्रशिक्षण और कीटनाशकों का छिड़काव
- केंद्र की ओर से विभिन्न राज्यों को वर्ष 2023-24 में 1094 ड्रोन निश्शुल्क दिए गए थे, जिनमें मध्य प्रदेश में स्वसहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को 89 ड्रोन मिले थे। इन महिलाओं को ड्रोन पायलट का 15 दिन का निश्शुल्क प्रशिक्षण दिया गया था। साथ ही परिवार के एक व्यक्ति को पांच दिन का प्रशिक्षण दिया गया है।
- योजना से सर्वाधिक आय अर्जित करने वाली चार महिलाओं से बात की गई तो उन्होंने बताया कि ड्रोन में कोई खराबी नहीं आई है, पर बैटरी पुरानी होने से उनका बैकअप कम हो गया है। उनका कहना है कि एक एकड़ में उर्वरकों का छिड़काव करने में पांच से 15 मिनट तक लगते हैं। इनसे नैनो डीएपी और नैनो यूरिया का छिड़काव किया जा रहा है। कुछ किसान कीटनाशकों का छिड़काव भी करा रहे हैं।
बनेगी ड्रोन दीदी बटालियन
हम 700 से अधिक दीदियों को प्रशिक्षण देकर ड्रोन दीदी बटालियन तैयार कर रहे हैं। योजना के अंतर्गत उन्हें ड्रोन भी उपलब्ध कराएंगे। पहले चरण में 89 महिलाओं को ड्रोन उपलब्ध कराए गए थे जो सफलतापूर्वक चल रहे हैं। विनय निगम, सीईओ, मप्र राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन।
यह कहा ड्रोन दीदियों ने
ड्रोन देखकर पहले तो डर लगा था, लेकिन अब तक 4,500 एकड़ में फसल पर छिड़काव कर चुके हैं। प्रति एकड़ 400 रुपये लेते हैं। अभी तक नौ लाख रुपये की आय हो चुकी है। ड्रोन के साथ एक इलेक्ट्रिक वाहन भी मिला था, जिससे ड्रोन और अन्य सामान लाने-ले जाने में सुविधा हो गई है।
कविता चौहान, ड्रोन दीदी, हरसूद
मेरी दसवीं तक की शिक्षा है। मार्च 2023 में मुझे ड्रोन मिला था। पहले कृषि सखी योजना से जुड़े थे, जिसमें प्रति माह अधिकतम 4000 रुपये तक मिल पाते थे। अभी तक 1,570 एकड़ में उर्वरक का छिड़काव कर चुके हैं, जिससे लगभग छह लाख रुपये की आय हुई है।
सपना काछी, ड्रोन दीदी, जबलपुर
मेरी शिक्षा स्नातक स्तर तक है। पहले सिर्फ ड्रोन का नाम सुना था, देखा भी नहीं था। 15 दिन के प्रशिक्षण के बाद ड्रोन उपलब्ध कराया गया। एप के माध्यम से किसान बुकिंग कर लेते हैं। इतना काम है कि अभी मेरे पास कम से कम 10 दिन की वेटिंग रहती है। करीब दो वर्ष में लगभग आठ लाख रुपये की आय हो चुकी है।
रोशनी यादव, ड्रोन दीदी, सतना