दंतेवाड़ा, दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी के गीदम स्थित आवास की बिजली कनेक्शन बकाया बिल के चलते काट दी गई है। बताया जा रहा है कि भवन वन विभाग का है, फिलहाल विधायक चैतराम अटामी को आवंटित है। भवन में बिजली के दो कनेक्शन लगे हैं। दोनों कनेक्शनों पर लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं किया गया था।
बिजली विभाग के अनुसार, एक सिंगल फेज कनेक्शन पर करीब 2 लाख 30 हजार रुपए का बकाया है। इसमें लंबे समय से बिल जमा नहीं किया गया था। वहीं, दूसरे थ्री फेज कनेक्शन पर 50 हजार 250 रुपए से ज्यादा का बिजली बिल बकाया बताया गया है। बकाया राशि जमा नहीं होने पर विभाग ने दोनों कनेक्शन काट दिए।
2023 से बकाया बताया जा रहा बिल
जानकारी के मुताबिक, सिंगल फेज कनेक्शन का बिजली बिल साल 2023 से जमा नहीं किया गया था, जिसके चलते बकाया राशि बढ़कर करीब 2.30 लाख रुपए तक पहुंच गई। वहीं थ्री फेज कनेक्शन का करीब एक साल से बिल बकाया बताया जा रहा है। बिजली विभाग की कार्रवाई को करीब दो दिन हो चुके हैं।
इस मामले की पुष्टि बिजली विभाग के सहायक अभियंता अविनाश लकड़ा ने दैनिक भास्कर से की है। उन्होंने बताया कि बकाया बिजली बिल का भुगतान नहीं होने के कारण कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई है।
वन विभाग का भवन, विधायक को किया गया है आवंटित
गीदम रेंजर शिव टंडन ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि संबंधित भवन वन विभाग का है और फिलहाल विधायक चैतराम अटामी को आवंटित है। उन्होंने बताया कि भवन में लगे एक मीटर पर किसी कुंवर के नाम से कनेक्शन दर्ज है, जिस पर ढाई लाख रुपए से अधिक का बकाया है।
रेंजर ने कहा कि इस संबंध में विभागीय स्तर पर बातचीत चल रही है। फिलहाल बकाया होने के कारण बिजली कनेक्शन कटवा दिया गया है। वहीं इस मामले पर दंतेवाड़ा MLA चैतराम अटामी का पक्ष लेने उन्हें कॉल किया गया लेकिन उनसे बातचीत नहीं हो पाई।