भोपाल में गणेश पंडालों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाना अनिवार्य, AI आधारित मूर्तियां बनाने पर केस दर्ज करने की मांग

भोपाल। आगामी जन्माष्टमी, गणेशोत्सव, डोल ग्यारस और अनंत चतुर्दशी को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बुधवार को कमिश्नर कार्यालय में शांति समिति और धर्मगुरुओं की बैठक लेकर प्रतिमा स्थलों, जुलूस और विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने सभी त्योहार सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील करते हुए प्रतिमा स्थलों पर अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगवाने को कहा।

जुलूस और विसर्जन के दौरान पुलिस का सहयोग करने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील भी की गई। हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने सुझाव दिया कि विसर्जन कुंडों में पुरानी संरचना और एआई से बनी प्रतिमाएं पाए जाने पर संबंधित मूर्तिकार और समिति के खिलाफ कार्रवाई की जाए और प्रतिमाओं का निर्माण पौराणिक पद्धति से कराया जाए। उन्होंने अश्लील गाने बजाने वाले डीजे संचालकों पर कार्रवाई और डीजे जब्त करने की मांग भी रखी।

उधर नगर निगम और पीडब्ल्यूडी को प्रतिमा पंडालों से जुड़ी सड़कों की मरम्मत तथा चल समारोह मार्ग दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही विसर्जन के दिन मांस-मटन की दुकानें बंद रखने का सुझाव भी बैठक में रखा गया। बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेंद्र सिंह चौहान, मोनिका शुक्ला, डीसीपी अखिल पटेल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और धर्मगुरु मौजूद रहे।

Spread the love