प्रसिद्ध आध्यात्मिक संत नीम करोली बाबा के शुरुआती जीवनी पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ अपनी कहानी में आस्था के दम पर रोज नया इतिहास रच रही है। अमूमन जहां फिल्में 28-30 दिन आते-आते बेहाल हो जाया करती हैं वहीं विशाल चतुर्वेदी निर्देशित इस फिल्म में नई उर्जा दिख रही है। इंडस्ट्री इस बात से हैरान है कि जो फिल्म शुरुआती दिनों में 10-20 लाख रुपये कमा रही थी, वो अब इतने दिनों बाद करोड़ों में कैसे खेल रही है। फिल्म को रिलीज हुए 29 दिन गुजर चुके हैं और अब ये फिल्म तेजी से 100 करोड़ के आंकड़े की तरफ बढ़ रही है। वहीं 10 दिन पहले रिलीज यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ को लेकर प्रमोशन तो जबरदस्त हुए लेकिन सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर लोगों के नेगेटिव रिव्यू ने इसकी कमाई की बैंड बजा दी है।
विशाल चतुर्वेदी निर्देशित और शोभिनव सत्य स्टारर फिल्म ‘हनुमान अंश‘ की कहानी नीम करोली बाबा की है, जिनपर लोगों की आस्था आज से नहीं बल्कि बरसों पुरानी है। ये फिल्म उनके ही जीवन के शुरुआती दौर की कहानी है। तब लोग उन्हें लक्ष्मण दास नाम से जानते थे। छोटी सी उम्र में इस बच्चे ने अपनी मां को खो दिया था। इसके बाद उसके मन में जीवन, मृत्यु और ईश्वर को लेकर कई सवाल पैदा होते हैं। उन्हीं जवाबों की तलाश में वह घर छोड़कर उत्तर भारत की यात्रा पर निकल पड़ता है। इस दौरान उसकी मुलाकात कई संतों और भक्तों से होती है। जैसे-जैसे ये सफर आगे बढ़ता है धीरे-धीरे उसका झुकाव सांसारिक जीवन से हटकर आध्यात्मिकता की ओर बढ़ने लगता है। आखिरकार यही यात्रा अंत में जाकर उन्हें नीम करोली बाबा के रूप में में एक नई पहचान देती है। फिल्म में प्रेम, करुणा, सेवा और भक्ति जैसे विषयों पर काफी ध्यान दिया गया है।
‘हनुमान अंश’ ने भरी रॉकेट सी उड़ान
sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, इस फिल्म ने जहां पहले दिन महज 10 लाख रुपये की ओपनिंग की थी, वहीं अब 29वें दिन इसने 10 करोड़ के आसपास कमाई कर ली है। नीम करोली बाबापर बनी इस फिल्म के नेट कलेक्शन की बात करें तो इसने अब तक करीब ₹82.88Cr की कमाई की है। वहीं ‘हनुमान अंश’ की ग्रॉस कमाई करीब ₹97.77 Cr के आसपास जा पहुंची है। ये फिल्म सबसे अच्छा दिल्ली एनसीआर में परफॉर्म कर रही है और इसके बाद मुंबई का नाम आता है।
यश की ‘टॉक्सिक’ की क्या है कहानी
वहीं 10 दिन पहले रिलीज हुई यश की ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स‘ की कहानी एक पीरियड गैंगस्टर ड्रामा है। ये फिल्म पुर्तगालियों के शासनकाल के दौरान 20वीं सदी के मध्य (खासकर 1920 से 1947 के दौर) के गोवा के बैकग्राउंड पर बनी है। इसमें दिखाया गया है कि 1920 के दशक में बचपन में राया यानी यश के पिता की हत्या हो जाती है। वहीं उसकी बड़ी बहन गंगा (नयनतारा) उसे पालती है। दोनों के पास बचपन की बेहद कड़वी यादें हैं और अब बड़े होकर पिता की मौत का बदला लेने और भारत में अफीम के अवैध कारोबार पर अपना वर्चस्व जमाने के लिए सिंडिकेट के खिलाफ उतरते हैं।
यश की ‘टॉक्सिक’ ने कितनी की है कमाई
इस फिल्म के कलेक्शन की बात करें तो इसके साथ सब उल्टा हुआ है। जहां ‘हनुमान अंश’ की कमाई धीरे-धीरे बढ़ी और अब रॉकेट की तरह उड़ी है, वहीं यश, नयनतारा, कियारा आडवाणी जैसे सितारों से सजी ये फिल्म 10 दिनों में सीधे धम्म से नीचे जा गिरी है। पहले दिन 100 करोड़ से अधिक की कमाई करने वाली ये फिल्म 10वें दिन महज ₹1.75Cr ही कमा पाई है। कुल मिलाकर इस फिल्म ने अब तक ₹241.05Cr की कमाई की है। वहीं वर्ल्डवाइड कलेक्शन की बात की जाए तो इस फिल्म ने ₹331.00 Cr.की कमाई कर ली है। हालांकि, बताया जाता है कि इस फिल्म का बजट करीब 500 करोड़ से 1000 करोड़ रुयये के बीच है।