भोपाल: टाटा मेमोरियल कैंसर अस्पताल मुंबई की प्रदेश में पहली इकाई मंगलवार (आठ सितंबर) से विदिशा में प्रारंभ होने जा रही है। पहले चरण में यहां शासकीय मेडिकल कॉलेज में 30 बिस्तर का डे-केयर सेंटर प्रारंभ किया जा रहा है।
यहां टाटा मेमोरियल में उपचार करा रहे रोगियों व अन्य को वहां के कैंसर के विशेषज्ञों की निगरानी में कीमोथेरेपी दी जाएगी। साथ ही रक्त चढ़ाने जैसे अन्य तरह के उपचार की सुविधाएं भी मिल सकेंगी। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और परमाणु ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जितेंद्र सिंह इसका शुभारंभ करेंगे। इस सुविधा का लाभ विदिशा ही नहीं भोपाल, रायसेन, सीहोर, देवास व पास के अन्य जिलों के रोगियों को भी मिलेगा।
लंबे समय से किए जा रहे थे प्रयास
- शिवराज सिंह चौहान लंबे समय से टाटा मेमोरियल अस्पताल की यूनिट विदिशा में स्थापित कराने के प्रयास में थे। इस संबंध में मई में ही उनकी बात परमाणु ऊर्जा विभाग के मंत्री जितेंद्र सिंह, अधिकारियों और टाटा मेमोरियल अस्पताल के डाक्टरों से हुई थी।
- जून में उनके प्रयास से विदिशा में तीन दिवसीय कैंसर शिविर भी लगा था, जिसमें टाटा मेमोरियल के लिए डाक्टर भी आए थे। बातचीत में इकाई स्थापित करने पर सहमति बनी थी। इसके लिए जगह की तलाश की जा रही है।
अलग अस्पताल के लिए जमीन चिह्नित
- उसके पहले ही रोगियों की सुविधा के लिए मेडिकल कालेज में डे-केयर की सुविधा प्रारंभ की जा रही है। मेडिकल कालेज के कुछ डाक्टर-नर्सों को टाटा मेमोरियल में प्रशिक्षण भी दिलाया गया है। साथ ही एम्स भोपाल के समन्वय में भी यह यूनिट रहेगी।
- यहां अलग से अस्पताल बनाने के लिए टाटा मेमोरियल संस्थान को जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए तीन संभावित स्थान चिह्नित किए गए हैं। सभी की सहमति के बाद एक को चुनकर अस्पताल बनाने काम प्रारंभ होगा। इसमें सर्जरी, रेडियोथेरेपी, कीमोथेरेपी और जांचें सहित अन्य सुविधाएं रहेंगी।
जनता की सेवा ही सर्वोच्च प्राथमिकता : शिवराज
- केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विदिशा संसदीय क्षेत्र की जनता उनका परिवार है। क्षेत्रवासियों को बेहतर, सस्ती और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना उनका मुख्य ध्येय रहा है।
- टाटा मेमोरियल सेंटर के सहयोग से तैयार यह कीमोथेरेपी यूनिट विशेष रूप से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए जीवनदायिनी साबित होगी, जिससे उनका समय, श्रम और धन तीनों की बचत होगी।